भाजयुमो आज नहीं कल करेगा लोक सेवा आयोग दफ्तर का घेराव

रायपुर(realtimes) भारतीय जनता पार्टी के आंदोलन की कड़ी में भाजयुमो लोक सेवा आयोग की हाल ही घोषित चयन सूची को लेकर आज लोक सेवा आयोग के दफ्तर का घेराव चाल दिया गया है। अब यह घेराव कल हाेगा। पहले यह घेराव 18 मई काे तय किया गया था, लेकिन देर रात काे बैठक में यह फैसला किया गया कि आज कुछ जिलाें में बेरोजगारी भत्ते काे लेकर रोजगार दफ्तराें का घेराव है, ऐसे में आज पीएससी दफ्तर का घेराव संभव नहीं होगा यही वजह है कि इस आंदोलन काे एक दिन के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि पीएससी की घोषित चयन सूची को लेकर प्रदेश के युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। पीएससी की चयन सूची को देखकर यह साफ हो गया है कि यह छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं के साथ सीधी-सीधी धोखाधड़ी है, छल है, अन्याय है। श्री साव ने कहा कि रात-दिन पुरुषार्थ करने वाले प्रदेश के युवा अपने उज्ज्वल भविष्य की रचना कर जीवन को संवारने के लिए परिश्रम करते हैं, उन्हें प्रदेश सरकार ने ठेंगा दिखाने का काम किया है। प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति के साथ जो छल किया है, वह बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। श्री साव ने कहा कि इसे लेकर भाजयुमो आज लोक सेवा आयोग का घेराव करेगा और युवाओं के साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा। श्री साव ने कहा कि चयन सूची को देखकर युवाओं में जिस प्रकार से आक्रोश पनपा है, जिस प्रकार से लोक सेवा आयोग की विश्वसनीयता पर परीक्षार्थी युवाओं ने शंका व्यक्त की है, प्रदेश सरकार उस पर जवाब दे। आरोप के जवाब में आरोप लगाना ठीक नहीं है।



