ब्रेकिंग: सरोज के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगा गृहमंत्री ताम्रध्वज से स्पष्टीकरण

रायपुर. राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय पर टिप्पणी करने के मामले में प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्पष्टीकरण मांगा है। इसी के साथ टिप्पणी के लिए मांफी भी मांगने की बात लिखी है। इसके एक दिन पहले ही राज्यसभा सांसद ने अपने पर टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखा है।
सरोज पांडेय और ताम्रध्वज साहू का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में सियासी घमासान के बीच अब राष्ट्रीय महिला आयोग भी इस मामले में सामने आ गया है। इस मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को सरोज पांडेय पर टिप्पणियों के लिए लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए लिखा है। आयोग ने पत्र में टिप्पणियों के लिए माफी मांगने को भी कहा है। इस मामले को लेकर सुश्री पांडेय पहले ही सोनिया गांधी को पत्र लिखकर जानकारी दे चुकी हैं।



