बृजमोहन बोले- कांग्रेस वोट लेने के लिए ही कालनेमि की तरह राम-राम जपती है - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बृजमोहन बोले- कांग्रेस वोट लेने के लिए ही कालनेमि की तरह राम-राम जपती है

रायपुर. भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री, वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, कांग्रेस का चरित्र हिंदू विरोधी है। इसका प्रमाण यह है कि कांग्रेस द्वारा जारी बुकलेट में राम मंदिर पर सवाल खड़े किए गए हैं। कांग्रेस वोट लेने के लिए कालनेमि की तरह राम राम जपती है और तब भी उसका विद्रूप चेहरा उसके दस्तावेज के रूप में सामने आ जाता है।

एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा, कांग्रेस और छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार हिंदू विरोधी एजेंडे पर काम कर रही है। कालनेमि कांग्रेस को जनता रूपी हनुमान की गदा पड़ने वाला है। कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई ने अपने कथित काला चिट्ठा के बिंदु क्रमांक 82 में पूछा है कि धर्म के नाम पर राजनीति कब तक होती रहेगी? अब हम कांग्रेस से पूछना चाहते हैं कि क्या  कांग्रेस अधर्म और पाप की राजनीति ही चलने देना चाहती है? हिन्दू द्रोह की पापी राजनीति में गले तक डूबी कांग्रेस के चेहरे चाहे जितने हों, चाहे वह जितने मुखौटे लगा ले, लेकिन यह स्पष्ट है कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में वोट देना वास्तव में हिन्दू धर्म को समाप्त करना है। कांग्रेस ने जो काला चिट्ठा जारी किया, उससे एक बार फिर समझ में आ गया कि कांग्रेस रामद्रोही है। इसी तरह उस काले दस्तावेज के बिंदु क्रमांक 83 में कांग्रेस पूछती है कि राम मंदिर बन जाने से युवाओं को नौकरी, शिक्षा और बेटियों को सुरक्षा मिल जाएगी? यह वही लाइन है जिसे हिन्दूद्रोही तत्व लगातार दोहराते रहे हैं।
कांग्रेस दानव रूप में

श्री अग्रवाल ने कहा, अब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जब सुनिश्चित हार करीब है, तब एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि कालनेमि के समान वोट के लिए अपना चेहरा बदलने की कोशिश करने वाली कांग्रेस अंत समय में अपने असली दानवी रूप में सामने आ गई है। स्वतन्त्रता के बाद अभी तक सैकड़ों ऐसे उदाहरण हैं, जिससे कांग्रेस ने यह बार-बार साबित किया है कि उसे हिंदू धर्म और आराध्य प्रभु श्री राम से घृणा है। श्री अग्रवाल ने कहा, इन दिनों देश में एक घमंडिया गठबंधन बना है। यह गठबंधन वास्तव में देश और सनातन धर्म के खिलाफ एक बड़ी साजिश के तहत सामने आया है। कांग्रेस सम्मिलित इस गठबंधन के नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के बेटे उदयनिधि ने हिन्दू धर्म को मलेरिया, डेंगू और कोरोना कहते हुए उसको खत्म करने की बात कही है। भारतीय जनता पार्टी हिंदू धर्म और देश के खिलाफ चल रही ऐसी साजिश की भर्त्सना करती है और इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं करने की चेतावनी देती है।

Related Articles

Back to top button