कांग्रेस नेता के जुड़े नक्सलियाें से तार, भाजपा का वार, कांग्रेस का भी पलटवार

रायपुर(realtimes) बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री के नक्सलियाें से तार जुड़ने के बाद भाजपा ने इस पर बड़ा वार किया है। इसके जवाब में कांग्रेस ने भी पलटवार करने में देर नहीं की है। दरअसल बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम ब्लॉक कांग्रेस के महामंत्री तेलंगाना में दो महिला व दो पुरुष नक्सलियों के साथ पकड़े गए हैं। इस मामले को लेकर भाजपा आक्रामक हो गई है। एक तरफ पूर्व मंत्री महेश गागड़ा ने पत्रकारवार्ता लेकर प्रदेश सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा है, नक्सली आज कांग्रेस की बी टीम की तरह काम कर रहे हैं। इसी मामले में भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मामले की जानकारी देते हुए जांच की मांग की है। इस मामले में कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार करते हुए कहा, नक्सलियों से कांग्रेस के नहीं, भाजपा के संबंध हैं, यह बात जगजाहिर है।
एकात्म परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री गागड़ा ने कहा, कांग्रेस और उसकी सरकार में सक्रिय सहयोग के ये दो-चार उदाहरण ही नहीं हैं। ऐसे तमाम मामले आपको दिखेंगे। नक्सली खुलेआम 12 किमी. लंबी रैली निकाल लें और सरकार को पता ही नहीं चले, ऐसा कैसे हो सकता है। नक्सलियों और कांग्रेस की साठगांठ पर केंद्र अलग से जांच करे, इसकी भी हम मांग करते हैं। इसके लिए हमारे प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा, नक्सलियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ छत्तीसगढ़ में किसानों को उकसाते हुए पत्र जारी किया था। उसकी भाषा देख लें और कांग्रेस का एजेंडा देख लें, आपको कोई फर्क नहीं लगेगा। ऐसा लगेगा, मानो कांग्रेस सरकार से जुड़े लोगों ने पत्र ड्राॅफ्ट करके नक्सलियों को दिया हो और नक्सलियों ने उसे अपने लेटरपैड पर जारी कर दिया हो।
भाजपा के पांच सवाल
श्री गागड़ा ने कहा, हम मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पांच सवाल करते हैं। वे इनका जवाब दें, कांग्रेस और नक्सलियों के बीच का रिश्ता क्या है। क्या झीरम घाटी हत्याकांड मामले को भी कांग्रेस नक्सलियों से संबंध की वजह से दबा रही है। कितने नक्सलियों को कांग्रेस की सदस्यता दी है। नक्सलियों के साथ पकड़े गए कांग्रेस नेता को छत्तीसगढ़ में क्यों नहीं पकड़ा गया। इतने संवेदनशील विषय पर मुख्यमंत्री ने अभी तक किसी प्रकार की जांच की घोषणा क्यों नहीं की।
कांग्रेस का पलटवार
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा, भाजपा और पूर्व मंत्री महेश गागड़ा को सवाल करने का अधिकार नहीं है। झीरम नक्सलकांड पर पहले जवाब उन्हें देना चाहिए। उन्होंने कहा, कांग्रेस के 31 नेताओं की हत्या का दाग भाजपा सरकार पर है। भाजपा नेताओं के नक्सलियों से संबंध उजागर होते रहे हैं। कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता अगर किसी अपराध में शामिल है तो कार्रवाई होगी।



