पीडब्ल्यूडी सचिव ने निर्माण कार्यों की समीक्षा की, समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को दुर्ग परिक्षेत्र के सभी संभागों में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों की प्रगति की समीक्षा की।
नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रस्तावित, स्वीकृत और निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव ने निर्माण कार्यों के बिलों के भुगतान, प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया और लंबित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का नियमित मूल्यांकन कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वर्षा और बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की मरम्मत सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर की जानी चाहिए। प्रभावित मार्गों पर यातायात जल्द से जल्द बहाल किया जाए। इसके साथ ही मानसून के दौरान सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढों को भरने का काम तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों से कहा कि बीटी पेच रिपेयरिंग के लिए 31 अगस्त तक निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसियों का चयन किया जाए, ताकि 31 सितंबर तक मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो सके।
उन्होंने सभी अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों की निगरानी करने के लिए भी कहा।
बैठक में पहुंचविहीन गांवों को बारहमासी सड़क संपर्क से जोड़ने, भू-अर्जन की प्रक्रिया को तीन महीने के भीतर पूरा करने और भूमि के नामांतरण की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी चर्चा हुई।
सचिव ने विभागीय अधिकारियों को 30 सितंबर तक सभी लंबित भुगतान, पेंशन प्रकरणों और अन्य देयकों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सीपीग्राम्स और लोक सेवा गारंटी से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और दुर्ग परिक्षेत्र के सभी संभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



