शादी का झांसा देकर युवती से रेप, प्रेग्नेंट होने पर खिलाई गर्भपात की दवा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

शादी का झांसा देकर युवती से रेप, प्रेग्नेंट होने पर खिलाई गर्भपात की दवा

अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप, पैसे और सोने की चेन भी लेने की शिकायत; सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया केस

बिलासपुर। शादी का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर गर्भपात की दवा खिलाने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे पैसे और सोने की चेन भी ली, लेकिन अब शादी करने से इनकार कर रहा है। शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी विशाल पुरी गोस्वामी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय युवती जांजगीर जिले की रहने वाली है और बिलासपुर के सिविल लाइन क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर ब्यूटी पार्लर में काम करती है। वह मंगला के अभिषेक विहार फेस-1 निवासी विशाल को स्कूल के समय से जानती थी।

जुलाई 2025 में आरोपी ने उसे किराए का मकान दिलाया था। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि विशाल ने युवती से शादी करने का वादा किया और अगस्त 2025 में उसके साथ दुष्कर्म किया।

वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा।

युवती का आरोप है कि आरोपी जरूरत बताकर उससे पैसे मांगता था। उसने अपनी सोने की चेन भी उसे दी थी, जिसे मांगने पर वापस नहीं किया गया।

गर्भवती होने पर शादी से मुकरा

युवती ने शिकायत में बताया कि शारीरिक संबंधों के कारण वह गर्भवती हो गई। इसके बाद उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोप है कि विशाल ने उसे गर्भपात की दवा खिलाई और बाद में शादी करने से इनकार कर दिया।

परेशान युवती ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसकी मां सोने की चेन वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची, जहां विवाद हुआ। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button