विपक्ष को लगेगा तगड़ा झटका, कई विधायक समेत 17,000 लोग ज्वाइन करेंगे BJP? - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

विपक्ष को लगेगा तगड़ा झटका, कई विधायक समेत 17,000 लोग ज्वाइन करेंगे BJP?

Kanpur News : कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिला इकाइयों में लोकसभा चुनाव (Loksabha Elections 2024) से पहले भाजपा विपक्षी पार्टियों को बड़ा झटका देने की तैयारी पूरी कर चुकी है। इसमें सबसे तगड़ा झटका समाजवादी पार्टी को लग सकता है। सपा से कई पूर्व विधायक समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। चुनाव से पहले दल बदल की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

12 फ़रवरी को हर जिले से 1000 लोगों को BJP ज्वाइन कराने का लक्ष्य

भाजपा के विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक आने वाली 12 फरवरी को कानपुर – बुंदेलखंड क्षेत्र के अंतर्गत प्रत्येक जिले से करीब 1 हजार लोगों को भाजपा ज्वाइन कराई जाएगी। इसको लेकर भाजपा ने अंदरखाने पूरी तैयारी कर ली है। दल बदल की स्क्रिप्ट भी लिखी जा चुकी है। इसमें बिल्हौर से पूर्व विधायक व सपा में सचिव कमलेश दिवाकर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

महोबा से भी बड़ी संख्या में लोग होंगे शामिल

महोबा जिला स्थित सरखारी विधानसभा सीट से सपा की पूर्व विधायक डॉ. अम्बेश कुमारी ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनके मुताबिक सपा की नीतियों से वह असंतुष्ट थीं। उन्होंने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजा है। साथ ही सपा से जिला पंचायत सदस्य उनके पुत्र मृत्युंजय प्रताप ने भी पार्टी से किनारा कर लिया है। मुत्युंजय ने बुधवार को लखनऊ में भाजपा का दामन भी थाम लिया है।

जिस दल में सम्मान मिलेगा, वहां रहकर करुँगी जानसेवा

चरखारी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2002 में सपा से विधायक रहीं डा. अम्बेश ने समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पद सहित पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कहा कि सपा से इस्तीफा दिया है राजनीति से नहीं, जिस दल में सम्मान मिलेगा उस दल में रह कर जनसेवा करेंगी।

पिछड़ों के बड़े नेता भी बदल सकते हैं पाला

घाटमपुर से विधायक रह चुके आरपी कुशवाहा भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। 2019 में बसपा का दामन छोड़कर वे सपा में शामिल हुए थे। घाटमपुर में पिछड़ों का उन्हें बड़ा नेता माना जाता है। अगर वे भाजपा ज्वाइन करते हैं तो सपा को ओबीसी वोट बैंक पर अच्छा खासा नुकसान हो सकता है।

पीडीए में सेंधमारी करने की तैयारी

भाजपा पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने साइकिल में पंचर लगाने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। पीडीए में सेंधमारी के लिए भाजपा ने अन्य पार्टियों में उपेक्षित नेताओं को संपर्क साध कर उन्हें पार्टी में पद दिलाने का वादा भी किया है। इसमें पीडीए फैक्टर का पूरा ख्याल भाजपा ने रखा है।

10 लोकसभा क्षेत्रों को तीन क्लस्टर में बांटा गया

लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही भाजपा एक्टिव मोड में आ चुकी है। मिशन 2024 के लिए भाजपा ने रणनीति भी तैयार कर ली। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 10 लोकसभा सीटों को तीन क्लस्टर में बांटा गया है। भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में 52 विधानसभा और 10 लोकसभा सीटें हैं। अब ये भाजपा का मजबूत गढ़ बन चुकी हैं।

बांदा क्लस्टर में हमीरपुर, बांदा और फतेहपुर लोकसभा की सीट शामिल हैं। कानपुर क्लस्टर में शहर के अलावा अकबरपुर, कन्नौज, फर्रुखाबाद और इटावा लोकसभा क्षेत्र को रखा गया है। झांसी क्लस्टर में झांसी व जालौन लोकसभा सीटें हैं।

माइक्रो प्लानिंग पर पूरा फोकस

कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के मुताबिक बड़ी संख्या में दल बदल होगा। इसमें कई बड़े चेहरे भी हैं। लोकसभा चुनाव की तैयारी में लगी भाजपा पहले ही बिसात मजबूत करने में जुट गई है। कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी व संयोजकों को जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। माइक्रो प्लानिंग पर कार्य किया जा रहा है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आ सकते हैं

कानपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष के मुताबिक फरवरी में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा क्लस्टरों की समीक्षा करने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश देने कानपुर आ सकते हैं। भाजपा ने इस बार पार्टी ज्वाइन कराने के लिए अलग कमेटी भी बनाई थी।

Related Articles

Back to top button