बस्तर की बेटियों का बदला सफर: कभी जंगलों में थीं सक्रिय, अब कोसा सिल्क पहनकर रैंप पर बिखेरा जलवा

रायपुर। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित स्वदेशी एक्सपो का एक वीडियो देशभर में तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन के साथ 9 आत्मसमर्पित पूर्व महिला नक्सली रैंप वॉक करती नजर आ रही हैं। यह फैशन शो सिर्फ पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि बदलते बस्तर और मुख्यधारा से जुड़ती महिलाओं की नई पहचान का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में आत्मसमर्पित महिलाओं ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक बुनाई और कोसा सिल्क से तैयार परिधानों को पहनकर पूरे आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी। कभी जंगलों में सक्रिय रहीं इन महिलाओं का यह बदला हुआ रूप लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।
इस फैशन शो की अगुवाई फेमिना मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कार्यक्रम के वीडियो साझा करते हुए कहा कि आत्मसमर्पित महिलाओं को लोगों से मिल रहा प्यार और सम्मान बेहद प्रेरणादायक है।
सोशल मीडिया पर भी इन महिलाओं की नई शुरुआत की जमकर सराहना की जा रही है।
कार्यक्रम की एक और खास बात यह रही कि रैंप वॉक करने वाली सभी महिलाएं पहली बार रायपुर पहुंची थीं। राजधानी में आयोजित इस कार्यक्रम ने उन्हें अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास दिखाने का एक नया मंच दिया।
रैंप पर चलते समय उनके चेहरे पर उत्साह और नई जिंदगी की उम्मीद साफ दिखाई दे रही थी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं से बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के प्रीमियम हैंडलूम ब्रांड ‘कोशल फैब’ का भी शुभारंभ किया।
रैंप वॉक के जरिए एक संदेश भी दिया गया कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने वाले लोगों के लिए समाज में नए अवसर मौजूद हैं। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की समृद्ध हथकरघा परंपरा और बस्तर की बदलती तस्वीर को देश के सामने लाने में सफल रहा।



