राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ की शिक्षिका सुनीता यादव को दिया राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान: ग्रामीण स्कूल में नवाचार से बदली पढ़ाई की तस्वीर - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

राष्ट्रपति ने छत्तीसगढ़ की शिक्षिका सुनीता यादव को दिया राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान: ग्रामीण स्कूल में नवाचार से बदली पढ़ाई की तस्वीर

सारंगढ़-बिलाईगढ़। शिक्षक दिवस पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए गौरव का ऐतिहासिक अवसर रहा। बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी की शिक्षिका सुनीता यादव को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस वर्ष छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होने वाली सुनीता यादव एकमात्र शिक्षिका हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, नवाचार और विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए यह सम्मान दिया गया। सुनीता यादव ने सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के स्कूल में पढ़ाई को किताबों तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने खेल-खेल में शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और अनुभव आधारित शिक्षण को अपनाकर बच्चों में सीखने की रुचि विकसित की।

लघु फिल्मों से पढ़ा रहीं कठिन विषय

सुनीता बच्चों को सहज तरीके से पढ़ाने के लिए खुद और विद्यार्थियों के अभिनय वाली लघु फिल्में बनाकर उनका उपयोग करती हैं। इसके अलावा दीक्षा एप, स्टोरीवीवर, ऑडियो बुक, पॉडकास्ट, ब्लॉगिंग और स्मार्ट क्लास जैसी तकनीकों को शिक्षण से जोड़ा है। शिक्षा के साथ डिजिटल साक्षरता और रोजगारमूलक जानकारी देने पर भी जोर दिया।

उनकी संवेदनशीलता कक्षा के बाहर भी दिखाई देती है। वे अपने खर्च से बच्चों को नियमित दूध उपलब्ध कराती हैं और समुदाय को न्योता भोजन के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने आदिवासी बच्चों के लिए निशुल्क समर कैंप भी चलाया।

सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा शिक्षा को

सुनीता यादव ने सीड बॉल तैयार करने और सैनिकों के लिए राखी बनाने जैसी गतिविधियों से बच्चों में पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित की। वर्ष 2024 में उन्हें राज्य शिक्षक सम्मान और 2025 में पंडित मुकुटधर पांडे स्मृति अलंकरण मिल चुका है।

राष्ट्रीय सम्मान से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चयनित शिक्षकों से मुलाकात की। सुनीता ने उन्हें अपने नवाचारों की जानकारी दी। उनकी उपलब्धि पर प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने बधाई दी।

Related Articles

Back to top button