मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

जेल से 17 कैदी भागे, चार पकड़े गए; बाकी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने क्या किया?

चेन्नई। तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कम्पट्टी जेल से सोमवार देर रात 17 कैदी सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, कैदियों ने एक साथी की तबीयत खराब होने और उसे मिर्गी का दौरा पड़ने की सूचना देकर जेलकर्मियों को बैरक में बुलाया था। इसके बाद उन पर हमला कर सभी भाग निकले। पुलिस ने चार कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश में 17 विशेष टीमें लगाई गई हैं।

दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजयेंद्र बिदारी के अनुसार, फरार कैदियों में से चार को पकड़ लिया गया है। अन्य कैदियों की तलाश के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

बीमारी की सूचना देकर जेलकर्मियों को बुलाया

पुलिस के अनुसार, सभी 17 कैदी एक ही बैरक में बंद थे। उन्होंने योजना के तहत जेलकर्मियों को बताया कि एक कैदी की तबीयत खराब हो गई है और उसे मिर्गी का दौरा पड़ा है। सूचना मिलने पर जेलकर्मी मदद के लिए बैरक में पहुंचे। इसी दौरान कैदियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और जेल से फरार हो गए।

हमले में थेनी जिला जेल के ग्रेड-II पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत जी. विलाक्कु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। ड्यूटी पर मौजूद दो अन्य जेलकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं।

16 जगह चेकपोस्ट, हाईवे पर वाहनों की जांच

घटना के बाद मदुरै और डिंडीगुल के साथ पड़ोसी राज्य केरल के इडुक्की जिले की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि सुरक्षा के लिए जिले में 16 जगह चेकपोस्ट बनाए गए हैं।

डिंडीगुल-थेनी हाईवे पर वाहनों की जांच की जा रही है। फरार कैदियों की तस्वीरें आसपास के पुलिस थानों में भेजी गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएमके सांसद ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

जेल से कैदियों के फरार होने की घटना पर डीएमके के राज्यसभा सांसद पी. विल्सन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और इसे बिगड़ती कानून-व्यवस्था से जोड़ते हुए नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर इस्तीफे की मांग की।

Related Articles

Back to top button