मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Sports

नेपाल प्रीमियर लीग में 8 विदेशी सितारों का जलवा, रसेल-वॉर्नर पर नजर

काठमांडू। नेपाली क्रिकेट के महाकुंभ का आगाज सोमवार से त्रिभुवन विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होगया है।

नेपाल प्रीमियर लीग (एनपीएल) यानी ‘फेस्टिवल ऑफ हिमालयाज’ के इस संस्करण में क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के कई चर्चित सितारों का खेल देखने को मिलेगा।

इस बार आईसीसी से मान्यता प्राप्त टी-20 मुकाबले, डीआरएस तकनीक और विश्व क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी कीर्तिपुर स्थित क्रिकेट स्टेडियम को खास बनाएगी।

एनपीएल के इस संस्करण को रोमांचक बनाने वाले विदेशी खिलाड़ियों में से हर टीम के एक-एक स्टार खिलाड़ी पर नजर डालते हैं।

1. आंद्रे रसेल — विराटनगर किंग्स
‘आंद्रे रसेल इन, बॉल आउट।’ अगर आप क्रिकेट प्रेमी हैं, तो आपने यह कमेंट्री जरूर सुनी होगी।

बल्लेबाजी में छक्कों की बरसात, गेंदबाजी में गति और विविधता तथा फील्डिंग में शानदार फुर्ती—वेस्टइंडीज के पावर हिटर आंद्रे रसेल इन खूबियों के लिए मशहूर हैं। वह इस बार विराटनगर किंग्स की ओर से एनपीएल खेलेंगे।

टी-20 क्रिकेट में रसेल के मैदान पर रहते हुए विपक्षी टीम के लिए आखिरी गेंद तक निश्चिंत रहना मुश्किल होता है। वह 2012 और 2016 में टी-20 विश्व कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ 2014 और 2024 में आईपीएल खिताब भी जीते।

कैरेबियन प्रीमियर लीग और बांग्लादेश प्रीमियर लीग के खिताब भी उनके नाम हैं। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में प्रभाव छोड़ने वाले रसेल जैसे खिलाड़ी का टीम में होना कप्तान संदीप लामिछाने के लिए बड़ी ताकत साबित हो सकता है।

2. डेविड वॉर्नर — काठमांडू गोर्खाज
विश्व क्रिकेट में ऐसे ओपनर कम ही हैं, जो पारी शुरू होते ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बना देते हैं। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वॉर्नर की पहचान उनकी बेखौफ शुरुआत, आक्रामक शॉट और लगातार रन बनाने की भूख है।

ऑस्ट्रेलिया ने 2015 और 2023 में एकदिवसीय विश्व कप तथा 2021 में टी-20 विश्व कप जीता था। इन सफलताओं में वॉर्नर की अहम भूमिका रही। आईपीएल में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है।

2016 में उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। तीन बार आईपीएल की ऑरेंज कैप जीतना उनकी बल्लेबाजी क्षमता का प्रमाण है।

वॉर्नर इस बार काठमांडू गोर्खाज की जर्सी में नजर आएंगे। उनके लिए एनपीएल नए दर्शकों के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर है, जबकि नेपाली युवा खिलाड़ियों को उनकी बल्लेबाजी शैली को करीब से समझने का मौका मिलेगा।

3. डेविड मिलर — कर्णाली याक्स
क्रिकेट में अच्छी शुरुआत करना एक बात है, लेकिन आखिरी ओवरों तक दबाव झेलकर टीम को जीत दिलाना अलग हुनर है। ‘किलर मिलर’ के नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज डेविड मिलर इस कला में माहिर हैं।

मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए वह जरूरत पड़ने पर पारी को संभालते हैं और मौका मिलते ही गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा देते हैं।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट में मिलर का अनुभव काफी व्यापक है। आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब और गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए उन्होंने अपनी छाप छोड़ी। 2022 में गुजरात टाइटंस के पहली बार आईपीएल चैंपियन बनने में मिलर का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा था।

अब वह कर्णाली याक्स के मध्यक्रम को मजबूती देंगे। नेपाली बल्लेबाजों के लिए उनसे डेथ ओवरों में बल्लेबाजी करने, गेंदबाजों की रणनीति समझने और आखिरी समय तक जीत की उम्मीद बनाए रखने की कला सीखने का अवसर होगा।

4. शेरफेन रदरफोर्ड — सुदूरपश्चिम रॉयल्स
टी-20 क्रिकेट में कभी-कभी कोई बल्लेबाज महज पांच-छह गेंदों में मैच का पूरा माहौल बदल देता है। वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड ऐसे ही खिलाड़ियों में शामिल हैं।

बाएं हाथ के बल्लेबाज रदरफोर्ड की सबसे बड़ी ताकत उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और तेजी से रन बनाने की क्षमता है। सुदूरपश्चिम रॉयल्स की ओर से खेलने जा रहे रदरफोर्ड मैच की स्थिति को समझकर आक्रमण करने के लिए जाने जाते हैं।

वह कैरेबियन प्रीमियर लीग, आईपीएल, पाकिस्तान सुपर लीग और बांग्लादेश प्रीमियर लीग सहित कई प्रमुख प्रतियोगिताओं में खेल चुके हैं।

2021 में कराची किंग्स के साथ पाकिस्तान सुपर लीग और 2022 में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के साथ कैरेबियन प्रीमियर लीग का खिताब जीतने वाली टीमों में भी वह शामिल रहे।

5. मोईन अली — जनकपुर बोल्ट्स
बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ जरूरत पड़ने पर नेतृत्व करने की क्षमता रखने वाले इंग्लैंड के मोईन अली अनुभवी ऑलराउंडर हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर मोईन टी-20 क्रिकेट में टीम को कई रणनीतिक विकल्प उपलब्ध कराते हैं।

इंग्लैंड ने 2019 में एकदिवसीय विश्व कप और 2022 में टी-20 विश्व कप जीता था। मोईन दोनों खिताब जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उन्होंने 2021 और 2023 में आईपीएल खिताब भी जीते।

इस बार मोईन जनकपुर बोल्ट्स की ओर से खेलेंगे। नेपाली युवा खिलाड़ी उनसे सीख सकेंगे कि कब आक्रामक बल्लेबाजी करनी है, कब साझेदारी बनानी है और गेंदबाजी करते समय बल्लेबाज को किस क्षेत्र में शॉट खेलने के लिए मजबूर करना है।

ड्रेसिंग रूम में भी खेल की तैयारी, विपक्षी टीम का विश्लेषण और दबाव से निपटने के बारे में उनका अनुभव नेपाली खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित होगा।

6. शाकिब अल हसन — पोखरा एवेंजर्स
बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन इस बार पोखरा एवेंजर्स की टीम में शामिल हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज शाकिब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं।

वह बल्लेबाजी के दौरान रन गति बढ़ाने के साथ गेंदबाजी में विपक्षी टीम की साझेदारी तोड़ने में भी सक्षम हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 14 हजार से अधिक रन और 700 से ज्यादा विकेट लेने वाले शाकिब का अनुभव पोखरा एवेंजर्स के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है।

आईपीएल में उन्होंने 2012 और 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खिताब जीते। बाद में वह सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से भी खेले। कैरेबियन प्रीमियर लीग से लेकर बांग्लादेश प्रीमियर लीग तक उन्होंने कई फ्रेंचाइजी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है।

7. उसामा मीर — चितवन राइनोज
टी-20 क्रिकेट में जहां बल्लेबाजों की चर्चा अधिक होती है, वहीं पाकिस्तान के उसामा मीर जैसे गेंदबाज मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। यदि आपने अभी तक उनका खेल नहीं देखा है, तो एनपीएल में चितवन राइनोज की जर्सी में उन्हें देखने का अवसर मिलेगा।

लेग स्पिनर उसामा बल्लेबाजों को उलझाने और महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट निकालने में माहिर हैं। उन्होंने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट में उन्हें 2024 के पाकिस्तान सुपर लीग में बड़ी पहचान मिली, जहां उन्होंने 24 विकेट लेकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज का स्थान हासिल किया।

इसके बाद वह बिग बैश लीग, कैरेबियन प्रीमियर लीग, द हंड्रेड और टी-20 ब्लास्ट जैसी प्रतियोगिताओं में खेल चुके हैं।

8. निरोशन डिकवेला — लुंबिनी लायंस
लुंबिनी लायंस के पास इस बार भी श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला मौजूद हैं। पिछले सीजन में वह गुलबदीन नैब की जगह टीम में आए थे।

उस समय लुंबिनी शुरुआती चार मैचों में से तीन हार चुकी थी। लेकिन डिकवेला के आने के बाद टीम ने अपने सभी छह मैच जीते और खिताब अपने नाम किया।

डिकवेला की बल्लेबाजी पारंपरिक शॉट तक सीमित नहीं है। स्वीप, स्कूप और रैंप जैसे शॉट खेलकर वह गेंद को फील्डरों से दूर खाली जगहों पर पहुंचाने में माहिर हैं। विकेटकीपर के रूप में भी वह खेल को समझने और रणनीतिक फैसलों में योगदान देने की क्षमता रखते हैं।

एनपीएल नेपाली क्रिकेट के विकास का भी मंच
इन आठ विदेशी सितारों की चर्चा से स्पष्ट है कि एनपीएल नेपाली दर्शकों के लिए उच्चस्तरीय मनोरंजन का अवसर बनने के साथ-साथ नेपाली क्रिकेट के विकास का महत्वपूर्ण मंच भी है।

इस प्रतियोगिता में नेपाली युवा खिलाड़ियों को विश्व कप विजेताओं, अनुभवी खिलाड़ियों और विभिन्न फ्रेंचाइजी लीगों में खेल चुके दिग्गजों के साथ एक ही ड्रेसिंग रूम साझा करने का मौका मिलेगा।

विदेशी सितारों के साथ एक ही टीम में खेलने से नेपाली खिलाड़ी उनकी तैयारी, अभ्यास और खेल की रणनीति को करीब से समझ सकेंगे।

वहीं, विपक्षी टीम के रूप में उनके खिलाफ मैदान पर उतरकर अपनी क्षमता परखने का अवसर भी मिलेगा। यही अनुभव एनपीएल को नेपाली क्रिकेट के लिए और अधिक महत्वपूर्ण बनाता है।

 

Related Articles

Back to top button