हिमाचल विधानसभा चुनाव: Priyanka Gandhi 31 अक्तूबर से करेंगी चुनाव प्रचार का आगाज

शिमला: हिमाचल की चुनावी हवा का रुख पार्टी के पक्ष में कांग्रेस के स्टार प्रचार का आगाज 31 अक्तूबर से होगा। 31 अक्तूबर को कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव प्रचार का आगाज करेंगी। कांग्रेस ने प्रदेश के चारों संसदीय क्षेत्रों में प्रियंका की रैलियों व रोड शो का कार्यक्रम तय कर लिया है। मंडी के बाद प्रियंका गांधी कांगड़ा, हमीरपुर व शिमला संसदीय क्षेत्रों में एक-एक रोड शो व रैलियों को संबोधित करेंगी।
मंडी संसदीय क्षेत्र के कुल्लू में प्रियंका गांधी का रोड शो 31 अक्तूबर को होगा। रोड शो के बाद इसी दिन प्रियंका गांधी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में रैली कर चुनावी हुंकार भरेंगी।
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के नगरोटा में प्रियंका का रोड शो 3 नवंबर को होगा। नगरोटा यूं तो कांग्रेस का गढ़ रहा है, मगर 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पूर्व मंत्री स्व. जीएस बाली भाजपा के अरुण कुमार से हार गए थे। प्रियंका के रोड शो के साथ कांग्रेस अपने इस पारंपरिक गढ़ को भाजपा से छीनना चाहती है। नगरोटा के बाद प्रियंका गांधी 3 नवंबर को ही चंबा में रैली को संबोधित कर कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए हर्ष महाजन की चुनावी रणनीति को ध्वस्त करने का प्रयास करेगी।
कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा ने बताया कि 7 नवंबर को प्रियंका गांधी हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के हमीरपुर में रोड शो करेंगी। इसके बाद वह ऊना में रैली को संबोधित करेंगी। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र भाजपा का पारंपरिक गढ़ रहा है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हमीरपुर से ही सांसद हैं। साथ ही पूर्व मु यमंत्री प्रौ. धूमल भी न सिर्फ हमीरपुर से सांसद रहे हैं, बल्कि यह उनका गृह जिला भी है। लिहाजा रणनीति के तहत कांग्रेस ने हमीरपुर को प्रियंका के रैली स्थल के लिए चुना है।
प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिए 12 नवंबर को मतदान होना है। मतदान से पहले 10 नवंबर को थमेगा। चुनाव प्रचार थमने से पहले 10 नवंबर को प्रियंका गांधी शिमला संसदीय क्षेत्र के शिमला में रोड शो तथा नाहन में रैली को संबोधित करेंगी।



