अपनी ही सरकार में असुरक्षित हैं भाजपा विधायक, रिकेश सेन ने बताया जान को खतरा- Hum Samvet - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

अपनी ही सरकार में असुरक्षित हैं भाजपा विधायक, रिकेश सेन ने बताया जान को खतरा- Hum Samvet

भिलाई के वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने महिला दिवस कार्यक्रम के मंच से सनसनीखेज खुलासा किया है। उनका दावा है कि राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने व जान से मारने की साजिश रची जा रही है।

भिलाई। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के भिलाई में आयोजित एक कार्यक्रम में वैशाली नगर से भाजपा विधायक रिकेश सेन ने मंच से गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग राजनीतिक साजिश के तहत उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की योजना बना रहे हैं और यहां तक कि उनकी हत्या की साजिश भी रची जा रही है। विधायक ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में रिकेश सेन ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर लगातार उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके खिलाफ दुष्कर्म जैसे गंभीर आरोप लगाकर उन्हें कानूनी मामलों में फंसाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा हत्या से जुड़े झूठे मामलों में भी उलझाने की योजना बनाई जा सकती है।

यह भी पढ़ें:MP: स्टाइपेंड संशोधन की मांग पर प्रदेशभर के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, ओपीडी सेवाएं बंद

विधायक ने अपने भाषण में भाजपा के पूर्व पार्षद जयप्रकाश यादव का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक, जयप्रकाश यादव ने उन्हें जानकारी दी है कि उनके खिलाफ एक फाइल तैयार की गई है। इस फाइल में कथित तौर पर कई ऐसे बिंदु शामिल किए गए हैं जिनके आधार पर उनकी छवि खराब करने और उन्हें कानूनी विवादों में घसीटने की रणनीति बनाई जा रही है।

रिकेश सेन ने यह भी कहा है कि इस कथित फाइल को मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने की चर्चा की जा रही है। उनके अनुसार, इस तरह की गतिविधियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक हैं और राजनीतिक दुश्मनी की सीमाओं को पार करती हैं। विधायक ने बताया कि जब से उन्हें इस कथित साजिश के बारे में जानकारी मिली है तब से उनका परिवार भी काफी चिंतित और भयभीत है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण वे खुद भी मानसिक दबाव महसूस कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:T20 World Cup: तीसरी बार बनी वर्ल्ड चैंपियन बनी टीम इंडिया, न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा

मंच से उन्होंने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि आखिर वे कौन लोग हैं जो उन्हें झूठे मामलों में फंसाने या उनकी हत्या की साजिश रचने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी के पास उनके खिलाफ कोई ठोस शिकायत या सबूत है तो उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत सामने लाया जाना चाहिए लेकिन साजिश के जरिए किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।

Related Articles

Back to top button