शाह प्रदेश के नेताओं को सरकार की विफलता पर रोडमैप बनाने का टास्क देकर लौटे - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

शाह प्रदेश के नेताओं को सरकार की विफलता पर रोडमैप बनाने का टास्क देकर लौटे

रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में इस साल हाेने वाले विधानसभा में भाजपा हर हाल में जीत प्राप्त कर सत्ता में वापसी करना चाहती है। यही वजह है कि  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में होने वाले चुनावी की कमान अपने हाथों में ले ली है। पहले दौरे में वे प्रदेश में हुए अलग-अलग तरह के सर्वे की रिपोर्ट लेकर यहां पहुंचे थे। दो दिनों के दौरे के पहले दिन रात को प्रदेश के महज पांच नेताओं के साथ बात हुई और रोडमैप बनाने का निर्देश दिया गया। इस रोडमैप में बड़ा फोकस कांग्रेस सरकार की विफलता पर होगा। श्री शाह यहां के नेताओं को रोडमैप तैयार करके काम करने के साथ चुनावी तैयारी को लेकर टॉस्क देकर लौटे हैं। उनका एक बार फिर से इस माह के अंत में या अगले माह आना होगा।
प्रदेश में इस साल होने वाले चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह से खुद ही छत्तीसगढ़ में चुनाव की कमान संभाल ली है। एक दिन पहले यहां पहुंचे श्री शाह ने ठाकरे परिसर में पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम से ही मुलाकात करके, उनके साथ मिशन 2023 पर मंथन किया। इन नेताओं के साथ सर्वे रिपोर्ट पर बात की गई और बताया गया कि सर्वे में रिपोर्ट में यह बात भी सामने आई है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कई बातों को पसंद नहीं कर रही है। कांग्रेस सरकार की विफलता को भुनाने का फैसला किया गया है और चुनावी रोडमैप में इसको भी अहम स्थान दिया जाएगा। इसी के साथ रोडमैप में गुजरात की तर्ज पर बूथों को सबसे ज्यादा मजबूत करके ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत प्राप्त करने की रणनीति पर काम होगा। श्री शाह बैठक के बाद वापस लौट गए। उनको विमानतल पर छोड़ने के लिए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, डॉ. रमन सिंह सहित कई नेता गए।

Related Articles

Back to top button