स्मृति ईरानी 11 नवंबर को आएंगी छत्तीसगढ़, धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियां देखेंगी

15 नवंबर को नितिन नवीन के साथ मुख्य कार्यक्रम में होंगी शामिल, गांव से बूथ स्तर तक जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान की बताएगी भाजपा
रायपुर। भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी। अपने दौरे के दौरान वे सीधे धरमजयगढ़ जाएंगी और 15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी। स्मृति ईरानी 15 नवंबर को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुख्य आयोजन में भी शामिल होंगी।
भाजपा इस बार जनजातीय गौरव दिवस को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे जनजातीय समाज के बीच संवाद और संगठन की पहुंच मजबूत करने के अभियान के रूप में आयोजित करने की तैयारी है। इसके तहत प्रदेशभर में गांवों से लेकर बूथ स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के संघर्ष की बताएंगे कहानी
कार्यक्रमों के दौरान जनजातीय समाज के प्रमुख नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसमें भगवान बिरसा मुंडा और छत्तीसगढ़ के जननायक वीर नारायण सिंह के योगदान को प्रमुखता से सामने रखा जाएगा। भाजपा का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना है।
सरकारी योजनाओं का भी होगा प्रचार
जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों के जरिए केंद्र और राज्य सरकार की जनजातीय समाज से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता गांवों और बूथों तक पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। इसके लिए संगठन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इससे पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित कार्यशाला में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई थी। इसमें पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आयोजन की जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। स्मृति ईरानी का दौरा इसी तैयारियों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



