महासमुंद में नकली पनीर फैक्ट्री पर छापा: 300 किलो पनीर जब्त, रायपुर और ओडिशा तक हो रही थी सप्लाई - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

महासमुंद में नकली पनीर फैक्ट्री पर छापा: 300 किलो पनीर जब्त, रायपुर और ओडिशा तक हो रही थी सप्लाई

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ शुरू हुए विशेष अभियान के पहले ही दिन महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई की गई। राजस्व विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने भालेसर रोड स्थित एक पनीर फैक्ट्री पर छापा मारकर 300 किलो पनीर जब्त किया। पनीर की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद अधिकारियों ने उसके नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि फैक्ट्री में एनालॉग पनीर तैयार किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर रविवार देर रात संयुक्त टीम ने वैद्या फूड प्रोडक्ट्स फैक्ट्री में दबिश दी। जांच के दौरान फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पनीर तैयार होता मिला।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फैक्ट्री में तैयार पनीर की सप्लाई रायपुर के अलावा ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में भी की जा रही थी। अधिकारियों को मौके पर करीब 300 किलो पनीर मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। साथ ही पनीर बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल की भी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री कानपुर निवासी शोभित की है। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में 10 से 12 कारीगर काम करते मिले, जो मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के रहने वाले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि भालेसर स्थित यह फैक्ट्री करीब एक साल से संचालित हो रही थी।

प्रदेश में खाद्य विभाग ने 17 अगस्त से 23 अगस्त तक मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। इस दौरान दुकानों, होटलों, डेयरियों और खाद्य उत्पादन इकाइयों की जांच की जाएगी। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि पनीर में मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button