Padampur bypoll : बीजद ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर रेलवे परियोजना को लेकर साधा निशाना - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

Padampur bypoll : बीजद ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर रेलवे परियोजना को लेकर साधा निशाना

भुवनेश्वर : पदमपुर विधानसभा सीट पर पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव से पहले ओडिशा की बीजू जनता दल (बीजद) सरकार ने केंद्र पर बारगढ़ और नुआपाड़ा को जोड़ने वाली एक रेल परियोजना को ठंडे बस्ते में डालने और संपर्क सेवा में सुधार की लोगों की मांग की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। राज्य के वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री टुकुनी साहू ने कहा कि पदमपुर के रास्ते बारगढ़ रोड से नुआपाड़ा रोड स्टेशन के बीच 142 किलोमीटर की नई ब्रॉड-गेज लाइन को 2018 में मंजूरी दी गई थी, लेकिन बाद में इसे ''केंद्र द्बारा रद्द कर दिया गया।

बीजद की नेता ने रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव को रविवार को लिखे एक पत्र में उनसे बारगढ़-नुआपाड़ा नई रेलवे लाइन को बहाल करने का आग्रह किया जिससे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बीजद के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर क्षेत्र के लोगों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा, '' केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 15 दिसंबर 2018 को एक सार्वजनिक बैठक में घोषणा की थी कि केंद्र ने बारगढ़ स्टेशन से नुआपाड़ा होते हुए पदमपुर तक एक नई रेल लाइन को मंजूरी दी है।

बीजद के नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक 2018 से केंद्र से रेल परियोजना को बहाल करने का अनुरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा, '' अब तक इस पर गौर नहीं किया जाना लोगों के प्रति केंद्र की उपेक्षा को दर्शाता है। खासकर ओडिशा और पदमपुर के लोगों के प्रति। गौरतलब है कि पदमपुर के विधायक बिजय रंजन सिह बरिहा का तीन अक्टूबर को निधन हो गया था, जिस कारण इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button