मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

विट्ठलभाई पटेल की स्मृति में डाक टिकट जारी करेंगे शाह

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को बताया कि 1925 में ही विट्ठल भाई पटेल केंद्रीय विधानसभा के पहले निर्वाचित अध्यक्ष (स्पीकर) हुए थे। यह उसका शताब्दी वर्ष है। इस उपलक्ष्य में एक विशेष डाक टिकट जारी किया जाएगा। 24 अगस्त को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह यह डाक टिकट जारी करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहेंगे। संचार मंत्रालय एवं इंडिया पोस्ट के सहयोग से जारी होने वाला यह विशेष डाक टिकट विट्ठलभाई पटेल की महान संसदीय विरासत और उनके असाधारण योगदान को राष्ट्र की ओर से शताब्दी श्रद्धांजलि स्वरूप प्रस्तुत करेगा।

विजेन्द्र गुप्ता की ओर से रविवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह विमोचन विट्ठलभाई झावेरभाई पटेल के दूरदर्शी संसदीय योगदान और राष्ट्र-निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के सम्मान में किया जा रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के एक अग्रणी योद्धा और प्रखर संसदीय नेता के रूप में उन्होंने 24 अगस्त 1925 को इतिहास रचते हुए केंद्रीय विधानसभा के अध्यक्ष पद की शोभा बढ़ाई। उनके कार्यकाल की विशेषता रही—निष्पक्षता, संसदीय प्रक्रियाओं के प्रति अटूट आस्था, विधायिका की स्वतंत्रता की रक्षा, सशक्त बहस की संस्कृति को बढ़ावा और लोकतांत्रिक मूल्यों की सर्वोच्च प्रतिष्ठा। इससे पहले 27 सितंबर 1973 को भी उनकी जन्म शताब्दी के अवसर पर एक डाक टिकट जारी किया गया था, जो राष्ट्र द्वारा उनकी अतुलनीय सेवाओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

गुप्ता ने बताया कि विट्ठलभाई पटेल की शताब्दी पर आयोजित यह विमोचन, आगामी ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ़्रेंस 2025 का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इस सम्मेलन में देशभर की विधानसभाओं व विधान परिषदों के सभापति, उपसभापति, अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष भाग लेंगे। सम्मेलन में संविधान की नींव, लोकतांत्रिक संस्थाओं के विकास तथा संसदीय कार्यप्रणाली में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

Related Articles

Back to top button