पाकिस्तान में LPG संकट: कुछ ही दिनों में 4500 से 7000 रुपये पहुंची कीमत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान में LPG की सप्लाई प्रभावित होने से गैस सिलेंडर के दाम तेजी से बढ़ गए हैं। कुछ ही दिनों में 12 किलो के सिलेंडर की कीमत 4500 पाकिस्तानी रुपये से बढ़कर 7000 रुपये तक पहुंच गई है। गैस महंगी होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
ईरान से सप्लाई बंद होने का असर
पाकिस्तान में LPG की किल्लत की एक बड़ी वजह ईरान से होने वाली आपूर्ति का रुकना है। दोनों देशों के बीच दो प्रमुख सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने को सीमा बंद करने की वजह बताया है, जबकि ईरान ने तकनीकी कारणों का हवाला दिया है। पाकिस्तान अपनी LPG जरूरत का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा ईरान से आयात करता है। ऐसे में सीमा बंद होने और सप्लाई बाधित होने से बाजार में गैस की उपलब्धता पर असर पड़ा है।
ओमान और इराक से आने वाली गैस भी प्रभावित
पाकिस्तान अपनी कुल LPG जरूरत का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा विदेशों से मंगाता है। ईरान के अलावा इराक और ओमान से भी गैस का आयात किया जाता है। हालांकि, होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान से जुड़े युद्ध के कारण पैदा हुई बाधाओं से इन देशों से होने वाली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक के अनुसार, देश में प्रतिदिन करीब 6500 से 7000 टन LPG की जरूरत होती है। इसमें से लगभग 2000 से 2500 टन गैस घरेलू स्तर पर तैयार होती है, जबकि बाकी मांग आयात के जरिए पूरी की जाती है।
सरकारी दर से दोगुने से ज्यादा कीमत पर मिल रहे सिलेंडर
पाकिस्तान के तेल एवं गैस नियामक प्राधिकरण (OGRA) ने 11.8 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 3296 पाकिस्तानी रुपये निर्धारित की है। इसके बावजूद कई इलाकों में सिलेंडर इससे कहीं अधिक कीमत पर बेचे जा रहे हैं।
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर के मुताबिक, बलूचिस्तान में 12 किलो का सिलेंडर करीब 7000 रुपये, लाहौर में 7500 रुपये और स्कर्दू में 8200 रुपये तक में बिक रहा है।
गैस की सप्लाई में कमी और बढ़ती कीमतों के चलते पाकिस्तान में घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कारोबारियों की चिंता भी बढ़ गई है। यदि आयात और आपूर्ति की स्थिति में जल्द सुधार नहीं होता, तो आने वाले दिनों में लोगों को और परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।



