चूरू में कार-ट्रॉले की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

चूरू। राजस्थान के चूरू जिले में सादुलपुर इलाके के दादरेवा में कार और ट्रॉले की टक्कर में एक ही परिवार के पांच सदस्यों और कार चालक की मौत हो गई। हादसे में सात महीने की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। परिवार तारा नगर के सोमसीसर गांव से गोगामेड़ी स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य कार में सवार होकर मंदिर में धोक लगाने के लिए निकले थे। इसी दौरान न्यागली गांव के पास कार आगे चल रहे ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। कार चालक की भी मौत हो गई। सात महीने की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, ट्रॉला चालक की तलाश
हादसे की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी रिछपाल सिंह और थाना अधिकारी राजेश कुमार सिहाग पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतकों के शव राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद ट्रॉला चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
इससे पहले शुक्रवार को जयपुर के जमवारामगढ़ में भी सड़क हादसा हुआ था। वहां कार खाई में पलटने से चार युवकों की मौत हो गई थी।

