मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

मुफ्त इलाज का झांसा देकर ओडिशा से रायपुर बुलाया, प्रसव के बाद नवजात को बेचने की कोशिश; 3 महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर में नवजात की खरीद-फरोख्त का मामला, बच्चे को बेचने से इनकार किया तो मां को बनाया बंधक; दूसरे मामलों में भी नेटवर्क की जांच

रायपुर। रायपुर में नवजात शिशु की खरीद-फरोख्त की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि ओडिशा के सुंदरगढ़ की गर्भवती महिला को मुफ्त प्रसव और इलाज कराने का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया।

प्रसव के बाद उसके नवजात बच्चे को निःसंतान दंपती को बेचने की कोशिश की गई। महिला के इनकार करने पर उसे बच्चे के साथ बंधक बना लिया गया। शिकायत के बाद आजाद चौक पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस को शुरुआती पूछताछ में अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामलों की जानकारी भी मिली है।

कृतिका ने कराई दो महिलाओं से मुलाकात

पुलिस के मुताबिक, सुंदरगढ़ निवासी महिला गर्भवती थी। इसी दौरान उसका संपर्क रायपुर की कृतिका साहू से हुआ। कृतिका ने उसे मुफ्त प्रसव और उपचार कराने का भरोसा दिलाकर रायपुर बुलाया। यहां पहुंचने पर उसकी मुलाकात गीतिका नाग और अहिल्या नामदेव से कराई गई। इसके बाद महिला को गोगांव स्थित अहिल्या के घर में ठहराया गया।

आरोप है कि तीनों महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए नवजात को किसी निःसंतान दंपती को बेचने पर मोटी रकम दिलाने का लालच दिया। महिला ने बच्चे को बेचने से मना कर दिया तो उसे डराया-धमकाया गया।

प्रसव के बाद बच्चे समेत घर ले जाकर रखा बंधक

महिला ने पुलिस को बताया कि 4 नवंबर 2026 को प्रसव के बाद उसे नवजात के साथ फिर अहिल्या के घर ले जाया गया। वहां उसे बंधक बनाकर रखा गया।

आरोपियों ने कथित तौर पर धमकी दी कि प्रसव में हुए खर्च की भरपाई उसके बच्चे को बेचकर की जाएगी। महिला की शिकायत पर आजाद चौक थाने में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत बीएनएस की धाराओं 140(3), 143(4), 318(4) और 61 में केस दर्ज किया गया।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कृतिका साहू (34), अहिल्या नामदेव (40) और गीतिका नाग (36) को गिरफ्तार किया है। कृतिका आमापारा रामकुंड, अहिल्या गोगांव के सीतानगर और गीतिका दुर्ग जिले के भिलाई-3 स्थित पुरैना की रहने वाली है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों की अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में संलिप्तता से जुड़ी जानकारी मिली है। अब पुलिस इनके नेटवर्क, अन्य संभावित सहयोगियों और पहले हुई घटनाओं की पड़ताल कर रही है। जांच में दूसरे लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button