Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के जावा आईलैंड पर भूकंप ने मचाई तबाही, मरने वालों की संख्या 268 हुई, 151 अभी भी लापता - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

Indonesia Earthquake: इंडोनेशिया के जावा आईलैंड पर भूकंप ने मचाई तबाही, मरने वालों की संख्या 268 हुई, 151 अभी भी लापता

जकार्ता: इंडोनेशिया के जावा द्वीप में आए भूकंप से मरने वालों की संख्या मंगलवार को बढ़कर 268 हो गई है. रेस्क्यू टीम ने ढही इमारतों के मलबों से और शव निकाले, जबकि 151 लोग अभी भी लापता हैं. राष्ट्रीय आपदा राहत एजेंसी ने यह जानकारी दी है. एजेंसी के प्रमुख सुहरयांतो ने संवाददाताओं को बताया कि सियांजुर शहर के पास सोमवार दोपहर आए 5.6 तीव्रता के भूकंप में अन्य 1,083 लोग घायल हो गए हैं. भूकंप से भयभीत निवासी सड़कों पर निकल आए जिनमें से कुछ खून से लथपथ थे. भूकंप के चलते ग्रामीण क्षेत्र के आस-पास की इमारतें ढह गईं।

अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोगों के अलावा, 300 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और कम से कम 600 से अधिक लोगों को मामूली चोटें आई हैं. हेनरी अल्फिआंडी ने कहा कि सियांजुर के उत्तर-पश्चिम स्थित सिजेडिल गांव में भूकंप से भूस्खलन हुआ, जिससे सड़कें अवरुद्ध हो गईं और कई घर ढह गए. उन्होंने कहा कि हम ऐसे कई बिंदुओं पर अभियान आगे बढ़ा रहे हैं, जहां अभी भी हताहत लोग मिल सकते हैं. हमारी टीम दूर-दराज के इलाकों में भी पहुंचने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों की भीड़ है. मरीज बाहर लगे टेंट में स्ट्रेचर पर लेटे हुए हैं. पश्चिम जावा के गवर्नर रिदवान कामिल ने कहा कि मृतकों में से कई पब्लिक स्कूल के छात्र हैं जो दिन की अपनी कक्षाएं समाप्त करने के बाद मदरसों में अतिरिक्त कक्षाएं ले रहे थे. शुरुआत में क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों, बिजली की आपूर्ति बाधित होने और भारी कंक्रीट मलबे को हटाने के लिए बड़े उपकरणों की कमी के कारण बचाव कार्य बाधित हुआ. मंगलवार तक बिजली आपूर्ति और संचार व्यवस्था में सुधार शुरू हुआ है.

Related Articles

Back to top button