Holi 2024: भारत के अलावा इस देश में भी धूमधाम से मनाई जा रही होली - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

Holi 2024: भारत के अलावा इस देश में भी धूमधाम से मनाई जा रही होली

काठमांडूः भारत के साथ ही साथ पड़ोसी देश नेपाल में भी होली का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। नेपाल में बड़े पैमाने पर रंगों के त्योहार होली को धूम-धाम से मनाया जाता है। नेपाल की राजधानी काठमांडू और अन्य पहाड़ी जिलों में रविवार से ही होली की धूम मची है। रंग, अबीर और गुलाल से धरती से लेकर आसमान तक सतरंगी हो गए हैं। नेपाल में आज कड़ी सुरक्षा के बीच होली मनाई गई। हालांकि, देश के दक्षिणी मैदानी इलाके तराई में यह त्योहार सोमवार को मनाया जाएगा।

नेपाल के राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने इस अवसर पर अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि होली से “समाज में आपसी सद्भाव को बढ़ावा मिलेगा तथा राष्ट्रीय एकता और मजबूत होगी।” देश-विदेश में सभी नेपालियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए, राष्ट्रपति पौडेल ने होली को “अन्याय पर न्याय की जीत और बुराई पर सदाचार की जीत” का उत्सव बताया। नेपाल पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए काठमांडू घाटी और उसके आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है।

होली में शांति और सुरक्षा के लिए हजारों पुलिस कर्मियों की कड़ी तैनाती

नेपाल दुनिया का पहला हिंदू राष्ट्र है। होली के त्योहार पर यहां कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटी में लगभग 5,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया। त्योहार के दौरान संभावित यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने के लिए बल ने लगभग 100 स्थानों पर वाहनों की जांच भी शुरू कर दी। स्थानीय प्रशासन ने बिना सहमति के लोगों पर रंग छिड़कने या पानी फेंकने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। काठमांडू घाटी यातायात पुलिस कार्यालय ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कम से कम 250 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है।

Visited 3 times, 3 visit(s) today

Post Views: 13

Related Articles

Back to top button