ई-20 पेट्रोल को लेकर कांग्रेस का हमला, दीपक बैज बोले- महंगा पेट्रोल, महंगी शक्कर से जनता पर दोहरी मार

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने ई-20 पेट्रोल और एथेनाल मिश्रण को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के फैसलों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। बैज ने कहा कि एथेनाल मिश्रित पेट्रोल के कारण जहां वाहनों को नुकसान होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, वहीं गन्ने का उपयोग एथेनाल उत्पादन में बढ़ने से शक्कर और उससे जुड़े उत्पादों की कीमतों पर भी असर पड़ा है।
दीपक बैज ने कहा कि पेट्रोल में एथेनाल मिलाने के बावजूद इसकी कीमत में उपभोक्ताओं को कोई राहत नहीं दी गई। उनका आरोप है कि आम आदमी को महंगे पेट्रोल के साथ-साथ महंगी शक्कर, मिठाई और खाद्य सामग्री की कीमत भी चुकानी पड़ रही है।
गन्ने से एथेनाल उत्पादन पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में गन्ने के उत्पादन और उसकी जरूरत का पर्याप्त वैज्ञानिक आकलन किए बिना एथेनाल उत्पादन को बढ़ावा दिया गया। इससे शक्कर और गुड़ के लिए उपलब्ध गन्ने पर दबाव बढ़ा और कीमतें प्रभावित हुईं। उन्होंने इसे केंद्र सरकार का अदूरदर्शी निर्णय बताया।
ई-20 से वाहनों को नुकसान का दावा
बैज ने कहा कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक एथेनाल मिलाकर ई-20 पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है। उनके मुताबिक इससे कई वाहन मालिकों को इंजन संबंधी परेशानी और माइलेज कम होने की शिकायत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि एथेनाल मिश्रित पेट्रोल के कारण वाहनों की रखरखाव लागत भी बढ़ रही है।
ई-20 का विकल्प देने की मांग
दीपक बैज ने सरकार से मांग की कि ई-20 पेट्रोल को अनिवार्य करने के बजाय उपभोक्ताओं को विकल्प दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिन वाहन चालकों को एथेनाल मिश्रित पेट्रोल नहीं चाहिए, उन्हें सामान्य पेट्रोल खरीदने की सुविधा मिलनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एथेनाल मिश्रण से लाभ कमा रही है, लेकिन इसका आर्थिक और तकनीकी बोझ आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है। बैज ने केंद्र से पेट्रोल की कीमत, एथेनाल मिश्रण और वाहनों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर स्पष्ट नीति बनाने की मांग की।



