10 साल से लिव-इन में रह रहे युवक की खून से लथपथ लाश मिली, प्रेमिका ने भी काटा गला; अस्पताल में भर्ती - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

10 साल से लिव-इन में रह रहे युवक की खून से लथपथ लाश मिली, प्रेमिका ने भी काटा गला; अस्पताल में भर्ती

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में बुधवार 26 अगस्त को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सरस्वती कॉलेज के पीछे स्थित किराए के मकान में एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, युवक के साथ करीब 10 साल से लिव-इन रिलेशन में रह रही युवती ने भी अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

कमरे में मिली युवक की लाश

मृतक युवक की पहचान मोहन के रूप में बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसके गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। इसी वजह से उसकी मौत होने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे से जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवती ने बताई घटना की कहानी

घायल युवती ने पुलिस को शुरुआती जानकारी में बताया कि उसके प्रेमी मोहन ने कथित तौर पर खुद अपना गला काट लिया था। वह जब कमरे में पहुंची तो मोहन को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद युवती ने भी अपना गला काट लिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

10 साल से साथ रह रहे थे

बताया जा रहा है कि युवक और युवती पिछले करीब 10 वर्षों से लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। दोनों के बीच घटना से पहले किसी तरह का विवाद हुआ था या नहीं, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

साक्ष्य जुटा रही पुलिस

पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, आसपास के लोगों से पूछताछ और घायल युवती के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और युवती ने बाद में ऐसा क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button