बनोरा पहुंचे सीएम साय, अघोरेश्वर भगवान राम की पूजा की

नवीन विद्या मंदिर भवन का किया लोकार्पण; विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों के मॉडल देखे
रायगढ़। अघोरेश्वर भगवान राम जी के अवतरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। उन्होंने उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन भी लिया।
मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इसके बाद आश्रम की परंपरा के अनुसार पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने अघोरेश्वर भगवान राम विद्या मंदिर के नवीन भवन का लोकार्पण भी किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की विज्ञान प्रदर्शनी देखी। बच्चों के वैज्ञानिक मॉडल और नवाचारों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम जी का जीवन मानव सेवा, करुणा और सामाजिक समरसता को समर्पित रहा। बनोरा अघोर गुरु पीठ इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। स्वास्थ्य और नेत्र शिविर, जरूरतमंदों की सहायता और दिव्यांगों को कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जैसे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि नया विद्यालय भवन सेवा परंपरा में शिक्षा का महत्वपूर्ण अध्याय है। आधुनिक सुविधाओं से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के अवसर मिलेंगे। शिक्षक बच्चों में ज्ञान के साथ संस्कार, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करें।
सीएम ने बताया कि उनके बड़े पिताजी स्वर्गीय केदारनाथ साय अघोरेश्वर भगवान राम जी के परम शिष्य थे। उन्होंने कहा कि बचपन से ही परिवार में अघोरेश्वर भगवान राम जी के प्रति श्रद्धा का वातावरण रहा है।
नवीन विद्यालय परिसर करीब 8 एकड़ में विकसित किया गया है। लगभग एक लाख वर्गफीट के जी प्लस-2 भवन में 41 कक्षाएं और 9 आधुनिक प्रयोगशालाएं हैं। पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास और नर्सरी के बच्चों के लिए गतिविधि आधारित शिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध है।



