गिरौदपुरी से छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा शुरू, कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

गिरौदपुरी से छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा शुरू, कांग्रेस ने दिखाई एकजुटता

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की 6 दिवसीय न्याय यात्रा का आरंभ गिरौदपुरी धाम से हुआ। पूजा-अर्चना के साथ इस यात्रा की शुरुआत की गई। इस यात्रा के पहले चरण में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने शिवरी नारायण स्थित भगवान श्रीराम और माता शबरी के मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद, सोनाखान में शहीद वीर नारायण सिंह की जन्मस्थली पर जाकर नमन किया और फिर बाबा गुरु घासीदास की तपोभूमि गिरौदपुरी में गुरु गद्दी के दर्शन किए। यहां उन्होंने प्रदेश में शांति, सुख और समृद्धि की कामना की।

कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति: पहले दिन की यात्रा में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की भागीदारी रही। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, राष्ट्रीय प्रभारी सचिव गण एस सम्पत, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, पूर्व अध्यक्ष मोहन मरकाम, सांसद ज्योत्सना महंत, डॉ. शिव कुमार डहरिया, गुरू रूद्र कुमार, कवासी लखमा सहित कई प्रमुख नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं जनता इस यात्रा का हिस्सा बने।

दीपक बैज का हमला:
यात्रा की शुरुआत से पहले प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम जनता को सुरक्षा देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों, बलात्कार और सामूहिक बलात्कार की घटनाओं ने प्रदेश को झकझोर दिया है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा शासन में लोग सुरक्षित नहीं हैं और अपराधी खुलेआम वारदातें कर रहे हैं। एसपी और कलेक्टर कार्यालयों में आगजनी की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने पुलिस और सरकार की असफलता की ओर इशारा किया।

जनता की आवाज उठाने का संकल्प:
दीपक बैज ने कहा कि न्याय यात्रा का उद्देश्य जनता की पीड़ा को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा, “हमारी यह यात्रा गूंगी और बहरी सरकार को जगाने के लिए है। जब तक छत्तीसगढ़ का एक भी नागरिक असुरक्षित रहेगा, हम चुप नहीं बैठेंगे।”

प्रमुख नेताओं की उपस्थिति: पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, फूलोदेवी नेताम, पूर्व मंत्री प्रेम साय सिंह टेकाम, जयसिंह अग्रवाल, कवासी लखमा, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय और कई अन्य प्रमुख नेता इस यात्रा में शामिल हुए। इस यात्रा में कुल 20.7 किमी की दूरी तय की गई, जिसका समापन पहले दिन कसडोल में रात्रि विश्राम के साथ हुआ।

आगे की यात्रा:
दूसरे दिन की यात्रा की शुरुआत लवन से होगी, जिसमें कांग्रेस नेता जनता से संवाद करेंगे और राज्य की स्थिति पर विचार-विमर्श करेंगे।

Related Articles

Back to top button