बच्चे को गोद में लिए बुजुर्ग पर सांड का हमला, 15 घायल; VIDEO में दौड़ाकर मारते दिखा

रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में मंगलवार को एक सांड ने जमकर उत्पात मचाया। कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में सांड ने करीब 15 लोगों पर हमला कर दिया। घायलों में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल भी शामिल हैं। घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें सांड घर के बाहर बच्चे को गोद में लिए खड़े बुजुर्ग पर अचानक हमला करता और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर सींग मारता दिखाई दे रहा है।
सेक्टर-2 निवासी देवनारायण शर्मा अपने एक साल के पोते को गोद में लेकर घर के बाहर खड़े थे। तभी सांड ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में बच्चा उछलकर सड़क पर गिर गया, जबकि देवनारायण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, कल्पना पटेल का बालाजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
काउ कैचर से नहीं पकड़ा गया, वन विभाग ने किया ट्रैंक्विलाइज
सांड के हमले की सूचना मिलने के बाद नगर निगम जोन-5 की टीम काउ कैचर लेकर मौके पर पहुंची। दिनभर प्रयास के बावजूद सांड को पकड़ा नहीं जा सका। इसके बाद वन विभाग और जंगल सफारी की टीम को बुलाया गया। भाठागांव पशु चिकित्सालय के डॉ. दिनेश पटेल की मौजूदगी में ट्रैंक्विलाइजर गन से सांड को बेहोश किया गया। बाद में उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लेकर इलाज के लिए जोन-5 अधिकारियों को सौंप दिया गया।
गौ सेवकों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले सांड को कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद उसके रेबीज से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पूर्व विधायक ने उठाए सवाल
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने घटना पर चिंता जताते हुए भाजपा विधायक राजेश मूणत पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोग पार्षद से करीब 50 बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आवारा मवेशियों और सफाई की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।



