टाटा मैजिक में मिला चादर से बंधा शव: हत्या की आशंका, पुलिस को देख वाहन छोड़ खेतों में भागे दो संदिग्ध - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

टाटा मैजिक में मिला चादर से बंधा शव: हत्या की आशंका, पुलिस को देख वाहन छोड़ खेतों में भागे दो संदिग्ध

रायपुर। धरसींवा इलाके में शुक्रवार तड़के रात्रि गश्त के दौरान टाटा मैजिक में चादर से बंधा शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को प्रथमदृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। आशंका है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने या छिपाने के लिए वाहन से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस की नजर संदिग्ध टाटा मैजिक पर पड़ गई।

रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध टाटा मैजिक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही चालक ने वाहन की दिशा बदलकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद चालक और उसका साथी शीतला मंदिर के पास टाटा मैजिक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की ओर भाग निकले।

पुलिस ने दोनों को पकड़ने के लिए आसपास तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर चादर से बंधा शव मिला। शव की स्थिति देखकर पुलिस को हत्या के बाद उसे ठिकाने लगाने की आशंका हुई।

मृतक की पहचान नहीं हुई

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी हत्या कहां और किन परिस्थितियों में की गई।

हत्या की वजह और आरोपियों की तलाश

मामले में पुलिस टाटा मैजिक के चालक और उसके साथ मौजूद व्यक्ति की तलाश कर रही है। पुलिस वाहन से जुड़े लोगों और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही पिछले कुछ समय में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों को भी जांच से जोड़ा जा सकता है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में कुछ अहम कड़ियां सामने आई हैं। पुलिस हत्या की वजह, मृतक की पहचान और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है। पूरे मामलें का खुलासा जल्द करने का दावा रायपुर पुलिस के अधिकारी कर रहे है।

Related Articles

Back to top button