Bajaj Auto प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए शीर्ष विश्वविद्यालयों से करेगी करार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
business

Bajaj Auto प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए शीर्ष विश्वविद्यालयों से करेगी करार

मुंबईः दोपहिया वाहन विनिर्माता बजाज ऑटो प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों और इंजीनियरिंग कॉलेज से करार करेगी। कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इन केंद्रों पर विद्यार्थी अपना कौशल बढ़ाने के लिए व्यावहारिक अनुभव ले सकेंगे। बजाज ऑटो ने बयान में कहा, कि ‘प्रशिक्षण केंद्रों पर इंजीनियरिंग में स्नातक कर चुके विद्यार्थियों को डिग्री और डिप्लोमा कार्यक्रम के तहत उन्नत कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे विनिर्माण क्षेत्र में कुशल कर्मियों की कमी को पूरा करने में मदद मिलेगी।

बजाज ऑटो इन प्रशिक्षण केंद्रों को दुनियाभर में विभिन्न स्थानों से खरीदकर लाए गए जरूरी उपकरण उपलब्ध कराएगी और कार्यक्रम के शुरुआती चरण में कंपनी परिचालन का खर्च उठाएगी। प्रशिक्षण चार महत्वपूर्ण मॉड्यूल- मेक्ट्रोनिक्स, मोशन कंट्रोल एवं सेंसर टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन और इंडस्ट्री 4.0 एवं स्मार्ट मैन्युफैरिंग पर केंद्रित होगा।

बजाज ऑटो के प्रबंध निदेशक राजीव बजाज ने कहा, कि हर साल 1.2 करोड़ से अधिक लोग रोजगार बाजार में आते हैं। लेकिन प्रौद्योगिकी में तेजी से बदलाव के साथ, युवाओं को नौकरी के लिए तैयार करने में शिक्षा और उद्योग के बीच एक बड़ा अंतर है। ऐसे में हम समाज को वापस करने की परंपरा के तहत अपनी प्रमुख कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) परियोजना की घोषणा कर रहे हैं।’’

Related Articles

Back to top button