रिंकू सिंह ने पीएम मोदी को दिया शादी का न्योता, सीएम योगी को पहले दे चुके न्योता

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रिंकू सिंह जल्द ही समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। शादी की तैयारियों के बीच रिंकू सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें विवाह समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। इस दौरान रिंकू अपने परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद रहे और प्रधानमंत्री से आशीर्वाद भी लिया।
पीएम मोदी के साथ तस्वीर की साझा
रिंकू सिंह ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की। इसके साथ उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि परिवार के साथ प्रधानमंत्री से मिलना, उन्हें शादी का निमंत्रण देना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना बेहद सम्मान की बात है। उन्होंने इस मुलाकात को अपने परिवार के लिए यादगार और खास पल बताया।
सीएम योगी को भी दे चुके हैं शादी का न्योता
प्रधानमंत्री से पहले रिंकू सिंह के परिवार ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी विवाह समारोह के लिए आमंत्रित किया था। रिंकू की मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से शादी का निमंत्रण कार्ड सौंपा था। परिवार ने मुख्यमंत्री को 4 दिसंबर को लखनऊ में होने वाले विवाह समारोह में शामिल होने का न्योता दिया था।
लखनऊ में होगा रिंकू और प्रिया का विवाह
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी लखनऊ में आयोजित होगी। दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस समारोह में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।
गौरतलब है कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं और उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं। वहीं, रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के सीमित ओवरों के प्रारूप में अपनी अहम जगह बना चुके हैं। अब दोनों परिवारों को शादी के शुभ अवसर का इंतजार है।



