मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान, भय और हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास का नया वातावरण : नितिन नवीन

0 जनजातीय समाज का सम्मान, स्वाभिमान और समृद्धि हमारी सरकार का संकल्प : मुख्यमंत्री साय

रायपुर. भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्यसभा सांसद श्री नितिन नवीन ने आज रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही।

राज्यसभा सांसद  नितिन नवीन ने समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरती है। श्री नवीन ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके। श्री नवीन ने मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह ने पूरे छत्तीसगढ़ में गौरव और आत्मसम्मान का वातावरण निर्मित किया है।उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। श्री नवीन ने कहा कि जनजातीय समाज सदैव भारत की संस्कृति, सभ्यता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।

भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक : मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुँचाना हमारी सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित हमारे महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।  मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय सहित मंचस्थ अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दिए गए वर्चुअल संबोधन का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय विकास को नई दिशा, 6,691 गाँवों तक पहुँच रही सुविधाएँ

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समाज के कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गाँवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के माध्यम से भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनजातीय समाज को केवल विकास योजनाओं का लाभार्थी नहीं बनाया, बल्कि देश और राज्यों के नेतृत्व में भी महत्वपूर्ण स्थान दिया है। आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु विराजमान हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी जनजातीय समाज से आने वाले सामान्य परिवारों के कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। यह पूरे जनजातीय समाज के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

किसानों के हित में बड़ा निर्णय, कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह में किसानों के हित में राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 15 नवंबर से प्रदेशभर में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। उन्होंने कहा कि नए उपार्जन केंद्रों से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और केंद्रों में अनावश्यक भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलेगी। राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, कृषि लागत में राहत देने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की खुशहाली ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि का आधार है।

समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री  अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री  रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री  लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद  चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद  देवेंद्र प्रताप सिंह एवं लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, पद्मश्री सम्मानित बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं  पंडी राम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button