शेयर बाजार में शुरुआती तेजी गायब, सेंसेक्स 424 अंक टूटा

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई थी।
बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में कुछ देर के लिए तेजी का रुख बनता हुआ नजर आया।
हालांकि यह तेजी टिकाऊ नहीं हो सकी। थोड़ी देर में ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इन दोनों सूचकांकों की चाल कमजोर पड़ती चली गई।
सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.59 प्रतिशत और निफ्टी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 298.99 अंक यानी 0.41 प्रतिशत की तेजी के साथ 72,771.32 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से शुरुआती मिनट में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 110 अंक से अधिक उछल कर 72,884.25 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया। शेयरों की लगातार हो रही बिक्री की वजह से इस सूचकांक की चाल भी कमजोर पड़ती चली गई।
बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 424.24 अंक यानी 0.59 प्रतिशत टूट कर 72,048.09 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 72.75 अंक यानी 0.32 प्रतिशत उछल कर 22,593.20 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक कुछ देर में ही उछल कर 22,651.10 अंक तक चला गया।
इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई। शेयरों की हो रही बिक्री के कारण यह सूचकांक थोड़ी देर में ही अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गया।
हालांकि खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बनाकर इस सूचकांक को सहारा देने की कोशिश भी की, लेकिन बिकवाली के दबाव के कारण खरीदारों की कोई कोशिश सफल नहीं हो सकी।
बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 11 बजे निफ्टी 102.40 अंक यानी 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,418.05 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,998 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,049 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 949 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 32 शेयर हरे निशान में और 18 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से बजाज ऑटो, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, आयशर मोटर्स और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 3.12 प्रतिशत से लेकर 1.87 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, भारतीय एयरटेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईटीसी और एनटीपीसी के शेयर 3.07 प्रतिशत से लेकर 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ 72,472.33 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
वहीं निफ्टी ने 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत की उछाल के साथ 22,520.45 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।


