हंगामेदार होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, पहले ही दिन आज स्थगन प्रस्ताव लाएगी भाजपा

रायपुर। आज से प्रारंभ हो रहा विधानसभा का शीतकालीन सत्र हंगामेदार रहेगा। भाजपा पहले ही दिन स्थगन प्रस्ताव लाएगी। इसी के साथ हर दिन एक मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी है। धान खरीदी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना में से किसी एक मुद्दे पर पहले दिन स्थगन प्रस्ताव रखा जाएगा। इसी के साथ प्रदेश सरकार को कई मुद्दों पर घेरने की तैयारी है। नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है, हमारे पास मुद्दों की कमी नहीं है। यह सरकार पूरी तरह से फेल है। चार साल में सरकार ने न तो कोई काम किया है और न ही अपने वादे पूरे किए हैं।विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए भाजपा के सभी विधायक एक दिन पहले राजधानी रायपुर में जुटे। इस समय सभी विधायक प्रदेश संगठन के लोकसभा प्रवास वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लगातार विधानसभाओं का दौरा कर रहे हैं। हर लोकसभा के लिए तीन से पांच विधायक, सांसद और प्रदेश के पदाधिकारियों की टीम बनाई गई है। अब शीतकालीन सत्र को देखते हुए यह दौरा सत्र तक स्थगित किया गया है। सत्र के एक दिन पहले विधायक दल की बैठक में शामिल होने ज्यादातर विधायक शाम तक रायपुर पहुंचे और नेता प्रतिपक्ष के निवास पर बैठक हुई। इसमें सरकार को किन मुद्दों पर घेरना है और किस मुद्दे पर कौन से विधायक बोलेंगे इसकी पूरी रणनीति बनाई गई।
ये हैं भाजपा के मुद्दे
नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का कहना है हमारे पास मुद्दों की कमी नहीं है। धान खरीदी को लेकर किसान परेशान हैं। प्रदेश सरकार ने किसानों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है। भुगतान को लेकर जहां परेशानी हो रही है, वहीं टोकन के मामले में भी किसान परेशान हैं। श्री चंदेल ने कहा, प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह के बिगड़ गई है। लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। आज प्रदेश में जनता अपने को असुरक्षित महसूस कर रही है। राजधानी में लगातार चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं। हत्या तो आम बात हो गई है। अंबिकापुर में शिशुओं की मौत प्रदेश सरकार की लापरवाही के कारण हुई है। प्रदेश सरकार के कारण ही पीएम आवास से लाखों लोग वंचित हुए हैं। इस मामले में प्रदेश भर में हितग्राही सामने आ रहे हैं। इस मामले में भाजपा का एक बड़ा आंदोलन पहले सभी विधानसभाओं और फिर राज्य स्तर का बड़ा आंदोलन दुर्ग में होगा। इसके लिए हम सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा, कर्मचारियों के नियमितिकरण, पुरानी पेंशन, महंगी बिजली सहित कई मुद्दे हैं। उन्होंने कहा, हमारी रोज एक मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाने की तैयारी है। कब किस मामले में स्थगन लाया जाएगा इसको लेकर बैठक में रणनीति बनाई गई है। बैठक में भाजपा विधायकों के साथ ही भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी शामिल हुए।



