भाजपा का आज सबसे बड़ा आंदाेलन, राजधानी रायपुर में हल्ला बाेल

रायपुर(realtimes) भाजपा का आज दाेपहर काे राजधानी रायपुर में बड़ा हल्ला बाेल आंदाेलन है। प्रदेश संगठन में बदलाव के साथ ही भाजपा ने पहला बड़ा आंदोलन भाजयुमो के साथ मिलकर कर रही है। भाजयुमो के हल्ला बोल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। प्रदेशभर से एक लाख से ज्यादा युवाओं के जुटने का दावा किया जा रहा है। एक दिन पहले ही रात काे औज आज अलसुबह दूसरे जिलाें से हजाराें कार्यकर्ता आ गए हैं। आंदोलन से पहले होने वाली सभा में भाजपा के सभी दिग्गज नेता रहेंगे। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या भी सुबह पहुंच गए हैं। उनके नेतृत्व में ही मुख्यमंत्री निवास का घेराव होगा।
भाजयुमो के हल्ला बोल आंदोलन में आज 12 बजे राजधानी रायपुर के नगर निगम के सामने प्रदेशभर के युवा जुटेंगे। मुख्यमंत्री निवास घेराव से पहले होने वाली आमसभा में प्रदेशभर के दिग्गज नेता शामिल रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, निवृत्तमान अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अमित साहू, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, संजय श्रीवास्तव, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव, ओपी चौधरी, संजूनारायण सिंह ठाकुर, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, सांसद व प्रदेशभर से भाजयुमो नेता कार्यकर्ता एवं लाखों की संख्या में प्रदेशभर के युवा मौजूद रहेंगे। सभा के बाद सभास्थल से ओसीएम चौक होते हुए मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने सभी कूच करेंगे।
रायपुर से ही 30 हजार होंगे शामिल
आंदोलन में एक लाख युवा जुटाए जाएंगे। इसके लिए सभी जिलों का लक्ष्य पहले ही दे दिया गया है। रायपुर शहर की चार विधानसभाओं से ही 20 हजार युवा शामिल होंगे। इसके अलावा रायपुर ग्रामीण से दस हजार युवा आएंगे। अन्य जिलों से 70 हजार युवाओं के आने का दावा भाजपा द्वारा किया जा रहा है।
निकाली मशाल यात्रा
भाजयुमो के आंदोलन से पहले भाजपा महिला मोर्चा ने मंगलवार की शाम एकात्म परिसर से जयस्तंभ चौक तक मशाल यात्रा निकाली। इसमें प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव, सांसद सुनील सोनी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल, महिला माेर्चा की महामंत्री और निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे, जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी के साथ महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारी शामिल हुईं। इस मशाल यात्रा में भाजयुमो के आंदोलन में शामिल होने की सभी से अपील की गई।