राजधानी रायपुर के एक लाख घरों में लहराएगा तिरंगा

रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर के एक लाख से ज्यादा घराें में कल से तिरंगा लहराने लगेगा। दरअसल में हर घर तिरंगा अभियान में भाजपा ने राजधानी रायपुर में एक लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य तय किया है। करीब इतने तिरंगे बांट भी दिए गए हैं। हर पदाधिकारी अपनी क्षमता के हिसाब से तिरंगे खरीदकर बांटने का काम कर रहा है। इधर भाजपा का पूरे प्रदेश में मुफ्त तिरंगा बांटने का अभियान चल रहा है। प्रदेश भर में अब तक सात लाख से ज्यादा तिरंगे मुफ्त बांटे जा चुके हैं। आज और कल में दस लाख का लक्ष्य पूरा कर लिय जाएगा।
देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोसत्व मनाया जा रहा है। ऐसे में भाजपा ने देश भर में 25 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा है। तिरंगा फहराने का काम 13 से 15 अगस्त तक होगा। इसके लिए छत्तीसगढ़ को दस लाख तिरंगे मुफ्त बांटने और घरों में फरहाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए जहां सांसदों को 20 हजार, विधायकों को दस हजार और पूर्व विधायकों को ढाई हजार तिरंगे बांटने का काम दिया गया है, वहीं जनप्रतिनिधियों का लक्ष्य भी तय किया गया है। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अपनी स्वेच्छा से अपनी क्षमता के हिसाब से तिरंगे मुफ्त बांटने का आग्रह किया गया है।
रायपुर में बंटेंगे एक लाख से ज्यादा तिरंगे
राजधानी रायपुर में यूं ताे भाजपा ने एक लाख तिरंगे बांटने का लक्ष्य रखा है, लेकिन अब तक करीब एक लाख तिरंगे बंट चुके हैं। ऐसे में इस लक्ष्य से ज्यादा तिरंगे बंटने की संभावना है। भाजपा के जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी और मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल के मुताबिक यहां पर जनप्रतिनिधियों को मिले लक्ष्य के अलावा भी ज्यादातर कार्यकर्ता हजार से पांच सौ तिरंगे खरीदकर बांटने में लगे हैं, यही वजह है कि यहां पर लक्ष्य से ज्यादा तिरंगे बांटने के साथ इनको घर-घर में फहराने का काम होगा।