भारतीय बाजारों में लौटी तेजी

मुंबई :इस साल नवंबर में भारत के वित्तीय बाजारों में काफी सुधार देखने को मिला। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, ग्लोबल लेवल पर एआई से जुड़े शेयरों में कमजोरी और विदेशी फंड्स के ताजा फ्लो से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है। एचएसबीसी ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च ने अपनी एक रिपोर्ट में ये बात कही है। इस सुधार के साथ भारतीय बाजारों ने अन्य उभरते बाजारों की तुलना में पिछले कुछ महीनों के कमजोर प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया है।
नवंबर में शेयरों के साथ-साथ रुपये और सरकारी बॉन्ड में भी आई तेजी
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर में शेयरों के साथ-साथ रुपया और सरकारी बॉन्ड में भी तेजी आई है, जो बाजार की धारणा में जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की प्रवृत्ति की ओर बदलाव का संकेत है। हालांकि, एचएसबीसी ने कहा है कि इस तेजी को 2027 तक बनाए रखने के लिए घरेलू आर्थिक वृद्धि की उम्मीदों में मजबूती और बैंकिंग सिस्टम में कैश की उपलब्धता बढ़ना जरूरी होगा। बैंकिंग सिस्टम में कैश सीमित बना रह सकता है, क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) बढ़ती महंगाई के बीच अपनी मौद्रिक नीति को सख्त कर रहा है।
भारत अब जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की स्थिति में
एचएसबीसी ने कहा, ”भारत अब जोखिम से बचने के बजाय जोखिम लेने की स्थिति में आ गया है। भारतीय बाजार 2026 के ज्यादातर समय में उभरते बाजारों के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन नवंबर में स्थिति बदल गई। इस दौरान भारतीय बाजारों ने शेयर, विदेशी मुद्रा और ब्याज दरों के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया।”
नवंबर में अब तक करीब 13 प्रतिशत चढ़ा सेंसेक्स
रिपोर्ट के अनुसार सेंसेक्स में नवंबर में अब तक करीब 13 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं, रुपया मजबूत होकर 8 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और इसने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92.50 के स्तर से नीचे कारोबार किया। इसके अलावा 10 साल वाले स्टैंडर्ड सरकारी बॉन्ड यील्ड में करीब 20 बेसिस पॉइंट्स की गिरावट आई है। बॉन्ड यील्ड में गिरावट को उनकी कीमतों में तेजी का संकेत माना जाता है।
ये तेजी ऐसे समय आई है, जब बैंकिंग सिस्टम में नकदी की उपलब्धता पर दबाव बना हुआ है। एचएसबीसी ने कहा कि शेयर, करेंसी और बॉन्ड मार्केट में एक साथ सुधार तथा शेयर और डेट मार्केट के रिटर्न के बीच सकारात्मक संबंध व्यापक स्तर पर निवेशकों की जोखिम लेने की बढ़ती इच्छा को दर्शाता है।
घरेलू शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की वापसी तेजी का एक प्रमुख कारण
रिपोर्ट के अनुसार नवंबर में विदेशी निवेशकों की वापसी बाजार में तेजी का एक प्रमुख कारण रही है। पिछले कुछ सालों में घरेलू निवेशकों ने विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) की बिकवाली के असर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एचएसबीसी ने रिपोर्ट में कहा कि पिछली तिमाही में भारत का वस्तु निर्यात सालाना आधार पर 25 प्रतिशत बढ़ा। इसमें ज्यादा प्रतिस्पर्धी मुद्रा, व्यापार समझौतों और निर्यातकों के नए बाजारों में विस्तार की भूमिका रही।



