मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा अंतर की राशि का लाभ: CM साय बोले- कम उत्पादन के कारण कोई किसान योजना से वंचित नहीं रहेगा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि का लाभ दिया जाएगा।

इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी आर्थिक सहायता मिल सकेगी। सरकार का प्रयास है कि कम पैदावार के कारण कोई किसान इस लाभ से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान धान खरीदी और किसानों को मिल रही सुविधाओं से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।

धान खरीदी की व्यवस्था को सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो।

कम उत्पादन वाले किसानों को भी मिलेगा फायदा

सीएम साय ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता एक जैसी नहीं हैं। हर किसान के खेत में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन संभव नहीं है।

ऐसे में सरकार ने फैसला लिया है कि जो किसान 21 क्विंटल से कम धान बेचेंगे, उन्हें भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके बैंक खातों में दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को समझते हैं। इसलिए सरकार चाहती है कि कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी आर्थिक लाभ मिले और उनकी स्थिति मजबूत हो।

किसानों का हित सर्वोपरि

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार फैसले ले रही है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले और खेती लाभकारी बने, यही सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता और सुविधाओं के विस्तार तक हर स्तर पर किसानों की जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है। किसानों की समृद्धि से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य पूरा होगा।

Related Articles

Back to top button