मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

रायपुर की प्रियंका साहू ने वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड: म्यूजिकल एकल इवेंट में दिखाया दम; छत्तीसगढ़ से अकेली खिलाड़ी थीं

रायपुर। रायपुर की खिलाड़ी प्रियंका साहू ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। गोवा में आयोजित तृतीय वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रियंका ने म्यूजिकल एकल इवेंट में स्वर्ण पदक जीता। इस प्रतियोगिता में वह छत्तीसगढ़ की एकमात्र खिलाड़ी थीं। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

चैंपियनशिप 13 से 15 नवंबर तक गोवा के मापुसा स्थित पीडिम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बॉक्सिंग हॉल में आयोजित हुई। इसका आयोजन थाई बॉक्सिंग इंडियन फेडरेशन (TIF) ने वर्ल्ड थाई बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में किया। पदक वितरण फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सुमनाक्षर और महासचिव रविंदर सिंह ने किया।

वजन वर्ग में मुकाबला रद्द, दूसरे वर्ग में खेलने से किया इनकार

प्रतियोगिता में विदेशी खिलाड़ियों की अनुपस्थिति के कारण भारत के अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों के बीच वजन वर्गों में बदलाव कर मुकाबले कराए गए। प्रियंका का निर्धारित वजन वर्ग माइनस 40 किलोग्राम था, लेकिन इस कैटेगरी में दूसरा खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होने से मुकाबला रद्द कर दिया गया। उन्हें अपने से 10 किलोग्राम अधिक वजन वाले वर्ग में खेलने का प्रस्ताव दिया गया था। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उन्होंने इसमें हिस्सा लेने से इनकार कर दिया।

कोच टिकेश्वरी को मिली अंतरराष्ट्रीय जिम्मेदारी

चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व तकनीकी और प्रबंधन स्तर पर भी रहा। दंतेवाड़ा के एकलव्य खेल परिसर, जावंगा-गीदम में पदस्थ खेल एवं युवा कल्याण विभाग की कोच टिकेश्वरी साहू को फीमेल टेक्निकल पैनल प्रभारी की जिम्मेदारी मिली। वहीं, पूनम साहू ने भारतीय दल के मैनेजर की भूमिका निभाई।

भारतीय दल में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के खिलाड़ी शामिल थे। स्वर्ण पदक जीतकर लौट रही प्रियंका और दल के अधिकारियों का सोमवार, 16 नवंबर को रायपुर एयरपोर्ट पर स्वागत किया जाएगा। यह स्वागत छत्तीसगढ़ थाई बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष अनीस मेमन के नेतृत्व में होगा।

Related Articles

Back to top button