रायखेड़ा थर्मल प्लांट में हादसा, बिहार के मजदूर की मौत: काम के दौरान नहीं लगाया था सुरक्षा हुक; मजदूर संघ ने लगाया लापरवाही का आरोप

रायपुर। रायपुर जिले के तिल्दा स्थित रायखेड़ा थर्मल पावर स्टेशन में रविवार को काम के दौरान हादसे में 45 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई।
मृतक की पहचान बिहार के मधुबनी जिले के राजनगर निवासी जिनिसलाल यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मजदूर संघ ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया है।
वहीं, पुलिस के मुताबिक काम के दौरान मजदूर ने जरूरी सुरक्षा हुक नहीं लगाया था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
रायपुर ग्रामीण सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि प्लांट में काम करते समय सुरक्षा के लिए जरूरी हुक नहीं लगाया गया था। इसी वजह से हादसा हुआ और मजदूर की जान चली गई।
पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा इंतजामों में कहां चूक हुई। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
अगस्त में भी दो हादसों में गई थी जान, 5 मजदूर हुए थे घायल
रायखेड़ा थर्मल प्लांट में इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। अगस्त 2026 में प्लांट परिसर में कर्मचारी केशव कुमार महिलांगे की मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में उनके भारी वाहन की चपेट में आने की आशंका जताई गई थी।
घटना के बाद परिजनों ने मुआवजे और शव सौंपने की मांग को लेकर प्लांट गेट पर प्रदर्शन किया था। इसी महीने केशव कुमार की मौत से करीब तीन दिन पहले भी प्लांट में हादसा हुआ था, जिसमें पांच मजदूर घायल हो गए थे।
वहीं, अगस्त 2014 में निर्माणाधीन पावर प्लांट में काम करने के दौरान 25 वर्षीय मजदूर सुनील राम की करंट लगने से मौत हुई थी। वह भी बिहार का रहने वाला था और ठेका कंपनी के तहत काम कर रहा था। लगातार हो रहे हादसों के बाद प्लांट में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



