होटल की लीज को लेकर विवाद, गुवाहाटी में पांच लोगों की मौत कैसे हुई?

गुवाहाटी के होटल ‘बिलास इन’ में सोमवार रात लीज को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में होटल मालिक के परिवार के चार सदस्य और एक केयरटेकर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, होटल लीज पर लेने वाले आरोपी घनकांत गोगोई को घटना के करीब एक घंटे के भीतर पलटन बाजार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। गोलीबारी में घायल एक व्यक्ति का गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गुवाहाटी पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत ने बताया कि आरोपी ने करीब एक साल पहले होटल लीज पर लिया था। शुरुआती जांच में होटल की लीज और प्रॉपर्टी से जुड़े विवाद को गोलीबारी की वजह माना जा रहा है।

होटल में रात करीब 9 बजे हुई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, आरोपी घनकांत गोगोई ने सोमवार रात करीब 9 बजे जीएस रोड पर बोरा सर्विस के सामने स्थित होटल बिलास इन में गोलीबारी की। यह जगह असम पुलिस मुख्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर है।
पुलिस ने आरोपी को घटना के करीब एक घंटे के भीतर पलटन बाजार इलाके से पकड़ लिया। उसके पास से लाइसेंसी .32 बोर की पिस्तौल जब्त की गई है। पुलिस को शक है कि इसी पिस्तौल का इस्तेमाल गोलीबारी में किया गया।
मृतकों में होटल मालिक के परिवार के चार लोग
पुलिस कमिश्नर पार्थ सारथी महंत के मुताबिक, मृतकों में चार लोग एक ही परिवार के थे, जबकि पांचवां व्यक्ति उनके गांव का रहने वाला था। मृतकों में होटल की सह-मालकिन, उनका बेटा और बहू, उनके भाई और प्रॉपर्टी की देखभाल करने वाला केयरटेकर शामिल हैं।
मृतकों में से तीन की पहचान हेलेना भराली, देबोर्शी कश्यप और नारायण दास के रूप में हुई है। बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है।
घायल की हालत स्थिर
गोलीबारी में 42 वर्षीय सत्येन पाठक भी घायल हुए हैं। उनके कंधे में गोली लगी है और गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर के मुताबिक, उनकी हालत स्थिर है।
फोरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला होटल के लीज एग्रीमेंट से जुड़े प्रॉपर्टी विवाद का लग रहा है। हालांकि, घटना की पूरी वजह और उससे जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
घटनास्थल पर फोरेंसिक और वैज्ञानिक जांच की जा रही है। विशेष टीमें सबूत जुटा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद गोलीबारी से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

