खेल संघों के साथ मिलकर 33 जिलों में प्रतिभाओं को मिलेगा मंच - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

खेल संघों के साथ मिलकर 33 जिलों में प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों को जिला स्तर तक विस्तार देने और नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने खेल संघों के साथ समन्वय बढ़ाने की पहल की है। रायपुर स्थित खेल संचालनालय में संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने प्रदेश के 25 से अधिक प्रमुख खेल संघों के पदाधिकारियों की बैठक लेकर गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में संचालक ने सभी खेल संघों को अपना वार्षिक खेल कैलेंडर अनिवार्य रूप से खेल संचालनालय को उपलब्ध कराने कहा। इससे प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों और खिलाड़ियों के लिए जरूरी सुविधाओं की पहले से बेहतर तैयारी की जा सकेगी। उन्होंने प्रदेश के सभी 33 जिलों में जिला स्तरीय खेल संघों के चरणबद्ध पंजीयन और विभागीय मान्यता की प्रक्रिया जल्द पूरी करने पर भी जोर दिया।

बैठक में बस्तर और सरगुजा संभाग समेत दूरस्थ अनुसूचित क्षेत्रों में खेल गतिविधियों के विस्तार की रणनीति पर चर्चा हुई। संचालक ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को अवसर सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जिलों और दूरस्थ इलाकों से सामने आने वाले खिलाड़ियों को भी प्रतियोगिता, प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें, इसके लिए जिला स्तरीय खेल संघों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

वर्तमान में जारी टॉप-100 एथलीट्स में शामिल अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से जुड़ी अप्राप्त जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। खिलाड़ियों से संबंधित रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।

विभाग और खेल संघों के बीच नियमित संवाद के लिए संयुक्त रिव्यू समिति गठित करने की घोषणा की गई। यह समिति खेल गतिविधियों, खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों और संघों की जरूरतों की समीक्षा करेगी। इसके अलावा खेल संस्थाओं के पंजीयन से जुड़े मामलों में रजिस्ट्रार फर्म एवं सोसाइटी कार्यालय के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। खिलाड़ियों को प्रतिबंधित पदार्थों और डोपिंग के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के लिए डोपिंग सेमिनार आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

Related Articles

Back to top button