PM मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान, - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

PM मोदी को मिला उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च सम्मान,

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ द्विपक्षीय वार्ता की। उज्बेकिस्तान दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने दोनों देशों के रिश्तों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जाने पर जोर दिया। इस दौरान यूरेनियम की दीर्घकालिक सप्लाई, विदेश मंत्रियों के स्तर पर समन्वय काउंसिल और बिजनेस समिट समेत कई अहम फैसलों की जानकारी दी गई।

पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान की आजादी की 35वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव और वहां के लोगों को बधाई दी। उन्हें उज्बेकिस्तान के सर्वोच्च सम्मान ‘ओली दराजली दोस्तलिक’ से भी सम्मानित किया गया।

सर्वोच्च सम्मान मिलने पर क्या बोले PM मोदी

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह ‘ओली दराजली दोस्तलिक’ ऑर्डर पाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इस सम्मान को भारत और उज्बेकिस्तान के बीच अटूट रिश्ते को समर्पित किया।

द्विपक्षीय वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि इस साल भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी के 15 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश अब अपने संबंधों को ‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जा रहे हैं। इसके लिए नए लक्ष्य तय करके आगे बढ़ने की बात कही गई।

विदेश मंत्रियों की समन्वय काउंसिल बनेगी

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ रात्रिभोज के दौरान हुई बातचीत काफी सार्थक रही। इस दौरान कई अहम फैसले भी हुए।

पीएम के मुताबिक, दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के स्तर पर एक समन्वय काउंसिल बनाई जाएगी। यह काउंसिल आपसी तालमेल के जरिए दोनों देशों के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने का काम करेगी।

यूरेनियम सप्लाई के लिए बनेगी लंबी अवधि की व्यवस्था

पीएम मोदी ने बताया कि भारत और उज्बेकिस्तान मिलकर एक बिजनेस समिट भी आयोजित करेंगे। इसमें दोनों देशों के बिजनेस लीडर्स शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि यूरेनियम की सप्लाई के लिए दोनों देश लॉन्ग टर्म व्यवस्था बनाएंगे। इसके अलावा तीन ‘सिस्टर-सिटी’ और ‘सिस्टर-स्टेट’ समझौते किए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इन समझौतों का पूरी क्षमता से इस्तेमाल हो, इसके लिए एक रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।

न्यू ताशकंद और GIFT City का जिक्र

पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान के ‘न्यू ताशकंद’ और गुजरात की ‘GIFT City’ का भी जिक्र किया। उन्होंने दोनों देशों के बीच विकास और तकनीकी क्षेत्र में सहयोग और समन्वय बढ़ाने की बात कही।

प्रधानमंत्री ने उज्बेकिस्तान की उस किताब का भी उल्लेख किया, जिसमें द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने के लिए कई अहम क्षेत्रों और परियोजनाओं की पहचान की गई है। उन्होंने इस प्रयास की सराहना की और दोनों देशों के साथ मिलकर तेजी से आगे बढ़ने का भरोसा जताया।

मिर्जियोयेव बोले- भारत रणनीतिक साझेदार

उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव ने कहा कि भारत उनके देश का रणनीतिक साझेदार है। उन्होंने बताया कि पिछले साल दोनों देशों के बीच व्यापार पहली बार एक अरब डॉलर से ज्यादा हुआ।

राष्ट्रपति के मुताबिक, हाल के वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच जॉइंट वेंचर की संख्या भी कई गुना बढ़ी है।

हर हफ्ते करीब 14 सीधी उड़ानें

मिर्जियोयेव ने बताया कि भारत और उज्बेकिस्तान के बीच हर सप्ताह करीब 14 सीधी उड़ानें संचालित होती हैं। उन्होंने इसे दोनों देशों के मजबूत सांस्कृतिक संबंधों का संकेत बताया।

उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिन की वीजा फ्री सुविधा शुरू होने से पर्यटन, व्यापार और दोनों देशों के बीच संपर्क और बढ़ेगा। इससे दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंध भी और मजबूत होंगे।

Related Articles

Back to top button