नक्सलवाद के बाद बदल रहा बस्तर: दंतेवाड़ा के छिंदनार में पहली बार ग्रामीणों ने सुनी ‘मन की बात’, गांव में दिखा उत्साह - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

नक्सलवाद के बाद बदल रहा बस्तर: दंतेवाड़ा के छिंदनार में पहली बार ग्रामीणों ने सुनी ‘मन की बात’, गांव में दिखा उत्साह

दंतेवाड़ा। नक्सलवाद की छाया से बाहर निकलते बस्तर की बदलती तस्वीर अब दूरस्थ वनांचल के गांवों में भी दिखाई देने लगी है। दंतेवाड़ा के सुदूर ग्राम छिंदनार में रविवार को ग्रामीणों ने पहली बार सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना। प्रधानमंत्री को सुनने के लिए पूरा गांव एक जगह जुटा और ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया।

छिंदनार में ग्रामीणों ने बेहद तल्लीनता से प्रधानमंत्री की बातें सुनीं। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप और दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी भी ग्रामीणों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।

धमाकों की जगह अब रेडियो की आवाज

कुछ समय पहले तक नक्सली हिंसा और धमाकों की दहशत के बीच जीवन गुजारने वाले छिंदनार में अब माहौल बदलता नजर आ रहा है। ग्रामीणों के लिए प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुनना एक नया अनुभव रहा। कई लोगों ने पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को रेडियो पर सुना।

ग्रामीणों ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और नई पहलों की जानकारी लोगों तक पहुंचाता है। इससे समाज में अच्छे काम करने की प्रेरणा मिलती है और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है।

विकास की राह पर बढ़ रहा बस्तर

छिंदनार में ग्रामीणों का ‘मन की बात’ सुनने के लिए जुटना बस्तर में हो रहे बदलाव की एक झलक माना जा रहा है। सरकार दूरस्थ इलाकों तक सड़क, मोबाइल कनेक्टिविटी, स्कूल, अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर दे रही है। नक्सलवाद के कारण लंबे समय तक प्रभावित रहे विकास कार्यों को फिर गति दी जा रही है। प्रशासन की पहुंच बढ़ने के साथ ग्रामीणों को योजनाओं और नागरिक सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास भी किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button