मन की बात में पीएम मोदी ने नशामुक्ति, हर घर तिरंगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने नशामुक्ति अभियान, स्वतंत्रता आंदोलन, ‘हर घर तिरंगा’, पीएम स्वनिधि योजना, अमरनाथ यात्रा में स्वच्छता और वोकल फॉर लोकल समेत कई सामाजिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर बात की। पीएम ने रचनात्मक विचारों को प्रोत्साहित करने और युवाओं से सामाजिक अभियानों में भागीदारी की अपील की।
‘भारत राज्य डॉट कॉम’ वेबसाइट का किया जिक्र
पीएम मोदी ने मुंबई के कृष्णा शेषाद्री की वेबसाइट ‘भारत राज्य डॉट कॉम’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वेबसाइट पर किसी भी साल को चुनकर यह जानकारी हासिल की जा सकती है कि उस समय भारत के किस हिस्से पर किसका शासन था।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कृष्णा शेषाद्री से फोन पर बातचीत भी की। उन्होंने उनसे पूछा कि वेबसाइट बनाने का आइडिया उन्हें कहां से मिला। पीएम ने कृष्णा शेषाद्री को उनकी वेबसाइट के लिए शुभकामनाएं दीं।
युवाओं से नशामुक्ति अभियान से जुड़ने की अपील
प्रधानमंत्री ने नशामुक्ति अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के युवा नशामुक्ति अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। पीएम ने कहा कि नशे की लत का असर केवल व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है।
उन्होंने युवाओं से स्लोगन, गाने और नाटक के जरिए नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।
अगस्त के देशभक्ति के माहौल का जिक्र
‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने अगस्त महीने में देश में बने देशभक्ति के माहौल का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्रीय हथकरघा दिवस और भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ का जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसकी 150वीं वर्षगांठ के कारण यह वर्ष और खास हो गया है।
पीएम मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब तक आठ करोड़ से ज्यादा तिरंगा सेल्फी अपलोड की जा चुकी हैं। उन्होंने सूर्यपथ तिरंगा अभियान का भी उल्लेख किया।
पीएम स्वनिधि योजना से महिलाओं को मिली ताकत
प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना का जिक्र करते हुए महिलाओं की भागीदारी की बात कही। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में 46 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं।
पीएम मोदी ने गाजियाबाद की बबीता शर्मा का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि बबीता शर्मा पूजा का सामान बेचती थीं। पीएम स्वनिधि योजना के जरिए उन्हें सहायता मिली और उनका स्टॉल दुकान में बदल गया।
अमरनाथ यात्रा और स्वच्छता का जिक्र
प्रधानमंत्री ने अमरनाथ यात्रा के दौरान स्वच्छता और जनभागीदारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने यात्रा से जुड़े स्वच्छता प्रयासों की बात की।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने मशहूर अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उत्तम कुमार ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीता और लोगों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बनाई।
त्योहारों पर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश
प्रधानमंत्री ने त्योहारों का जिक्र करते हुए एक बार फिर ‘वोकल फॉर लोकल’ अपनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
पीएम मोदी ने कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स से भी वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।



