गुरुग्राम में CM के काफिले को काले झंडे दिखाने पर 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

गुरुग्राम में CM के काफिले को काले झंडे दिखाने पर 10 पुलिसकर्मी सस्पेंड

गुरुग्राम। मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कुल 10 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इनमें सिविल लाइंस थाने में तैनात नौ पुलिसकर्मी और एसआईएस ब्रांच के एएसआई अमित कुमार शामिल हैं। निलंबित पुलिसकर्मियों में सिविल लाइंस थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार, दो एएसआई, कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल भी शामिल हैं।

CM के काफिले के सामने दिखाए थे काले झंडे

मुख्यमंत्री के गुरुग्राम पहुंचने पर शुक्रवार सुबह कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर और वर्धन यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता अचानक सड़क पर आ गए थे। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले के सामने काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।

घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में कथित चूक को लेकर कार्रवाई की और 10 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।

8 कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार

मामले में गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार रात आठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। एफआईआर में कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर और वर्धन यादव के नाम भी दर्ज हैं।

दोनों नेताओं के फोन फिलहाल स्विच ऑफ बताए जा रहे हैं। उनके ठिकाने को लेकर भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है।

सिविल लाइंस थाने के बाहर जुटे कांग्रेसी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद शनिवार दोपहर कई कांग्रेसी सिविल लाइंस थाने के बाहर पहुंच गए। वे मामले की जानकारी लेने के लिए थाने के बाहर मौजूद रहे।

गिरफ्तार किए गए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सिविल लाइंस थाना पुलिस डीसीपी वेस्ट के समक्ष पेश करने के लिए लेकर गई है।

Related Articles

Back to top button