मुजफ्फरनगर में सनसनी: घर में मिले एक ही परिवार के चार शव, जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरवट निवासी इरशाद (32), जो पेशे से पेंटर था, मंगलवार सुबह अपने परिवार के साथ घर में मृत पाया गया। परिजनों को उस समय शक हुआ जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला। इरशाद के भाई नौशाद ने मौके पर पहुंचकर जब अंदर देखा तो होश उड़ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।पुलिस जब मौके पर पहुंची तो इरशाद का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी नूरीन (28) फर्श पर मृत अवस्था में पड़ी थी। वहीं, दो मासूम बच्चे—दो साल का बेटा आहिल और एक माह की बेटी अक्शा—भी मृत पाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या का। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी या अन्य कारणों की आशंका जताई जा रही है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके।इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



