टी20 वर्ल्ड कप से पहले ईशान किशन की धमाकेदार वापसी, रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अपने बल्ले से ऐसा तूफान मचाया है कि उसका सीधा फायदा उन्हें आईसीसी की ताज़ा टी20 बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में मिला है। शानदार प्रदर्शन के दम पर ईशान ने रैंकिंग में 32 पायदान की जबरदस्त छलांग लगाई है। वहीं युवा भारतीय बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा ने अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए टॉप पोज़िशन पर कब्ज़ा जमाए रखा है, जबकि पाकिस्तान के एक बल्लेबाज़ को रैंकिंग में नुकसान झेलना पड़ा है।
न्यूजीलैंड सीरीज़ में ईशान किशन का बल्ला बोला
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज़ खेली, जो टीम इंडिया की आखिरी तैयारी सीरीज़ थी। इस सीरीज़ में ईशान किशन ने चार मुकाबले खेले और हर मौके को भुनाया। उन्होंने क्रमशः 8, 76, 28 और 103 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं। खासतौर पर उनका शतक चर्चा का विषय बना। ये प्रदर्शन न सिर्फ टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत हैं, बल्कि करीब दो साल बाद टीम में लौटे ईशान के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान दे रहे हैं।
64वें से 32वें नंबर पर पहुंचे ईशान किशन
आईसीसी की ताज़ा टी20 रैंकिंग में ईशान किशन अब 64वें स्थान से सीधे 32वें पायदान पर पहुंच गए हैं। उनकी रेटिंग 584 हो गई है। सिर्फ एक सीरीज़ में इतनी बड़ी छलांग इस बात का संकेत है कि अगर यही फॉर्म जारी रही, तो ईशान जल्द ही टॉप-10 या यहां तक कि टॉप-5 बल्लेबाज़ों में भी अपनी जगह बना सकते हैं।
अभिषेक शर्मा की बादशाहत कायम, टॉप पर बरकरार
भारतीय टीम के युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और इसी का नतीजा है कि वह टी20 बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में एक बार फिर नंबर-1 बने हुए हैं। अभिषेक की रेटिंग 917 है। न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज़ में उन्होंने पहले टी20 में 84 रन, तीसरे मुकाबले में नाबाद 68 रन और आखिरी मैच में 30 रनों की पारी खेली। हालांकि दो मैचों में वह खाता नहीं खोल सके, लेकिन कुल मिलाकर उनका प्रदर्शन उन्हें टॉप पर बनाए रखने के लिए काफी रहा।



