मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

बीजेपी MLA खुशवंत साहेब की गाड़ी पर पथराव

Stones pelted on BJP MLA Khushwant Saheb's car

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आरंग से बीजेपी विधायक और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब की गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने पत्थरबाजी की। हमले के दौरान कार का शीशा टूट गया और विधायक के हाथ में हल्की चोट आई।

विधायक खुशवंत साहेब नवागढ़ के सतनामी समाज के एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते वक्त शाम करीब 7 बजे चारभांठा ढोलिया और भोइनाभांठा के बीच बाईपास रोड पर यह घटना हुई। हमलावरों ने अचानक गाड़ी पर पत्थर फेंके जिससे कार का अगला शीशा चकनाचूर हो गया।

गंभीर हादसा टला

गाड़ी की रफ्तार तेज होने के कारण पत्थर सीधे अंदर नहीं आ सका, जिससे बड़ी घटना टल गई। पत्थर लगने से विधायक के हाथ में चोट लगी और कांच के टुकड़े गाड़ी में बिखर गए। उनके स्टाफ ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्ध लोगों की तलाश कर रही है। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद कांग्रेस ने बीजेपी सरकार और कानून व्यवस्था पर तंज कसा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “अब न जनता सुरक्षित है, न नेता। राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठते हैं।” उन्होंने विधायक की सुरक्षा की कामना भी की।

कौन हैं गुरु खुशवंत साहेब

गुरु खुशवंत साहेब धार्मिक गुरु बाल दास के पुत्र हैं। उन्होंने 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया को हराया था। वे वर्तमान में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष हैं।

Related Articles

Back to top button