Sabarmati Bullet Train Station: 2027 से पहले देखें साबरमती स्टेशन

देश की पहली बुलेट ट्रेन के संचालन की तैयारी तेज हो गई है। मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने वाली पहली बुलेट ट्रेन 15 अगस्त 2027 से शुरू होने वाली है। परियोजना के तहत ट्रैक बिछाने और स्टेशनों के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इसी बीच साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन की अंदर और बाहर की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें स्टेशन का आधुनिक और भव्य स्वरूप नजर आ रहा है।
DRM ने स्टेशन पहुंचकर लिया निर्माण कार्य का जायजा
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के कामकाज का निरीक्षण करने के लिए अहमदाबाद रेल मंडल के DRM वेद प्रकाश साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन और मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) पहुंचे। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।
इस दौरान DRM ने परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियरों से बातचीत की। उन्होंने स्टेशन परिसर, पैसेंजर कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म और मल्टी-मॉडल हब को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों का भी जायजा लिया।
निर्माण तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान बुनियादी ढांचे के निर्माण में इस्तेमाल की जा रही तकनीकों और सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई। स्टेशन की मौजूदा स्थिति को देखकर यह साफ है कि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है और स्टेशन को अंतिम रूप देने का काम जारी है।
स्टेशन की इमारत का स्वरूप काफी आधुनिक नजर आ रहा है। सामने आई तस्वीरों में साबरमती बुलेट ट्रेन स्टेशन की बिल्डिंग करीब छह मंजिल की दिखाई दे रही है। स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
समय पर काम पूरा करने के निर्देश
DRM वेद प्रकाश ने कहा कि बुलेट ट्रेन भारत की बेहद महत्वाकांक्षी परियोजना है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता और यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को सभी काम तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही निर्माण कार्य में रफ्तार और दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया।
एक ही जगह मिलेगी कई परिवहन साधनों की कनेक्टिविटी
साबरमती में बन रहा मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब इस परियोजना की खास सुविधाओं में शामिल है। यह बुलेट ट्रेन स्टेशन को भारतीय रेलवे के साबरमती ब्रॉडगेज स्टेशन, अहमदाबाद मेट्रो और BRTS बस सेवा से जोड़ेगा।
हब में यात्रियों की आवाजाही के लिए लिफ्ट, एस्केलेटर, टिकटिंग एरिया और पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य अलग-अलग परिवहन साधनों के बीच यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।
मुंबई-अहमदाबाद रूट पर तेजी से चल रहा काम
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत सभी स्टेशनों पर निर्माण कार्य जारी है। इसके साथ ही ट्रैक बिछाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है।
15 अगस्त 2027 से पहली बुलेट ट्रेन चलाने की तैयारी के बीच परियोजना से जुड़े निर्माण कार्यों को तय समय पर पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है। साबरमती स्टेशन और मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब इसी परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्से हैं।



